नोएडा

आज रात दीया या मोमबत्ती जलाने से पहले भूलकर भी न करें ये काम, वर्ना पड़ जाएंगे लेने के देने

Highlights- पीएम मोदी के आह्वान पर घर में जलाएं दीया व मोमबत्ती, लेकिन बरतें सावधानी - विशेषज्ञ चिकित्सक ने कहा- इस दौरान बेहद सावधानी बरतने की जरूरत - दीया जलाने से पहले सैनिटाइजर के स्थान पर करें साबुन का इस्तेमाल
2 min read
• •
Updated: 5 Apr 2020, 11:10 AM IST
pm-modi.jpg

नोएडा. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज रात घर के दरवाजे या बालकनी में दीया या मोमबत्ती जलाते हुए लाइट बुझाने का आह्वान किया है। उन्होंने देशवासियों से आज रात 9 बजे 9 मिनट के लिए घर की सभी लाइट बुझाकर दीया, टॉर्च, मोमबत्ती या मोबाइल फ्लैश लाइट जलाने की अपील की है, ताकि कोराेना संक्रमण से फैले अंधकार से जंग और कोरोना वॉरियर्स का हौसला बढ़ाने में मदद मिल सके। लेकिन, विशेषज्ञों का कहना है कि इस दौरान एहतियातन बेहद सावधानी बरतने की जरूरत है, ताकि आप सुरक्षित रह सकें।

डिप्टी सीएमओ डॉ. सुनील दौहरे का कहना है कि कोरोना संक्रमण से बचने के लिए आजकल सभी लोग सैनिटाइजर का इस्तेमाल कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि दीया या मोमबत्ती जलाने से पहले भूलकर भी सैनिटाइजर का इस्तेमाल करने के बजाय साबुन से हाथ धोएं। उन्होंने बताया कि सैनिटाइजर में एल्कोहल की मात्रा अधिक होती है, जिसके इस्तेमाल के बाद दीया जलाने से हाथ आदि झुलस सकतें हैं। इसलिए उन्होंने आज रात सैनिटाइजर के स्थान पर साबुन से हाथ धोने की अपील की है।

डॉ. सुनील दौहरे ने बताया कि कोरोना वायरस के कारण आजकल हर कोई सैनिटाइजर के इस्तेमाल का प्राथमिकता दे रहा है, लेकिन शायद लोग इसके घातक परिणाम के विषय में नहीं जानते हैं। सैनिटाइजर में एल्कोहल मिश्रित होने के कारण यह बड़ा नुकसानदेह हो सकता है। उन्होंने बताया कि सैनिटाइजर में 75 फीसदी तक एल्कोहल होता है और एल्कोहल एक ज्वलनशील पदार्थ है। इसलिए इसके इस्तेमाल के बाद बेहद सावधानी बरतने की जरूरत है।

उन्होंने बताया कि लोगों को अधिक सेनिटाइजर के इस्तेमाल से बचना चाहिए। उन्होंने कहा कि लोग हर चीज को सैनिटाइज करने से भी बचें। इसके साथ ही इसे बच्चों की पहुंच से भी दूर ही रखें। मुंह में जाने से यह जहर साबित हो सकता है। सबसे ज्यादा जरूरी है कि इसके इस्तेमाल के बाद आग के पास जाने से बचा जाए। घर में रहते हुए इसका इस्तेमाल से बचें और जितना हो सके साबुन का ही इस्तेमाल करें।

Published on: