
नोएडा. कोरोना वायरस (Corona Virus) की महामारी को बढ़ते देख प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) ने राष्ट्र को संबोधित कर पूरे देश में लॉकडाउन (Lockdown) की घोषणा की है। जिला प्रशासन और पुलिस ने जिले में संपूर्ण लॉकडाउन कर दिया है। इसके बाद दुकानों पर राशन खरीदने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी है और अफरा-तफरी का माहौल बन गया है। नई व्यवस्था के तहत अब किसी को भी अपने घर के बाहर निकलने की अनुमति नहीं है। पुलिस अधिकारियों ने साफ तौर पर संकेत दिया है कि नई व्यवस्था में कोई ढिलाई नहीं होगी।
नोएडा और ग्रेटर नोएडा में लोग जरूरत से ज्यादा राशन दुकानों से खरीद रहे हैं। प्रधानमंत्री के देश लॉकडाउन के घोषणा के बाद लोग अपने घरों के लिए घरेलू सामान और महीनेभर का राशन खरीदने के लिए एक साथ बाज़ारों और मॉल में पहुंच गए, जिसके बाद वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया। लोग जरूरी सामान आटा, दाल, चावल, तेल और सब्जी की खरीदारी करने के लिए दुकानों पर उमड़ पड़े। इसके चलते दुकानों पर लोगों की कतार लग गई।
बता दें कि नोएडा में पिछले कई दिनों से लॉक डाउन और धारा 144 लागू है। उसके बावजूद इतने लोग कानून को ताक पर रखकर बाहर आ गए। सवाल ये भी है कि क्या इतनी भीड़ से कोरोना का खतरा नहीं बढ़ेगा। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने बताया कि संपूर्ण लॉकडाउन एक तरह का कफ्र्यू ही है। इसमें किसी को भी घर से बाहर निकलने की अनुमति नहीं होगी। फिलहाल प्रशासन इस भीड़ को खत्म करने के लिए और धारा 144 का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कदम उठा रही है। लॉकडाउन का उल्लंघन करने वाले 950 लोगों पर केस किए गए हैं और 1556 वाहनों के चालान किए गए हैं।