
नोएडा। कोरोना वायरस के मद्देनजर देशभर में लगाए गए लॉकडाउन के बीच लोगों के लिए राहत भरी खबर है। कारण, फल, सब्जी, दूध, किराना की दुकानें सुबह 6 बजे से लेकर रात 11 बजे तक खुल सकेंगी। वहीं पेट्रोल पंप समेत 24*7 सुविधा देने वाले प्रतिष्ठान भी अपनी सुविधा लोगों को देते रहेंगे। इस बाबत बुधवार को जिलाधिकारी गौतमबुद्ध नगर ने आदेश जारी किए हैं। हालांकि दुकानदारों को सामान बेचते समय भीड़ न जुटने की भी हिदायत दी गई है।
उधर, जिलाधिकारी के इस आदेश के बाद जनपद के निवासियों सहित दुकानदारों ने भी राहत की सांस ली है। क्योंकि अभी तक जनपद में दुकान खुलने का कोई समय प्रशासन द्वारा तय नहीं किया गया था। जिसके चलते लोगों में असमंजस की स्थिति बनी हुई थी। वहीं पुलिस ने थानावार क्षेत्रों में दुकान खुलने के समय सीमा तय कर दी थी। इसका उल्लंघन करने वाले दुकानदारों पर कार्रवाई की निर्देश भी दिए गए थे।
गौरतलब है कि लॉकडाउन होने के बाद से देशभर में रोजमर्रा का सामान खरीदने को लेकर हलचल का माहौल था। वहीं इसकी एवज में कई जगह से सामान ओवररेट में बेचनी की भी जानकारी प्राप्त् हो रही थी। जिस पर संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी द्वारा दुकानों को खोलने की समय सीमा बढ़ा दी है। जिससे लोगों को अब सामान खरीदने में किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।