Sonali Phogat Death Case : भाजपा नेत्री सोनाली फोगाट की मौत के बाद अब गोवा पुलिस ने उनके नोएडा स्थित फ्लैट पर पहुंचकर उनकी संपत्ति की जांच की है। पुलिस ने सोनाली के फ्लैट में रह रहे किराएदारों से पूछताछ के साथ कुल 9 लोगों से अहम जानकारी जुटाई है। बताया जा रहा है कि गोवा पुलिस कुछ दस्तावेज भी अपने साथ ले गई है।
Sonali Phogat Death Case : भाजपा नेत्री सोनाली फोगाट की मौत के बाद उनका नोएडा कनेक्शन सामने आया है। बता दें कि नोएडा सेक्टर-52 में सोनाली फोगाट का एक फ्लैट है। जहां किराएदार रहते हैं। गोवा पुलिस सोमवार देर शाम फोगाट के नोएडा पहुंची। जहां सेक्टर-24 थाने की पुलिस को लेकर सेक्टर-52 के डी ब्लॉक स्थित अरावली अपार्टमेंट में सोनाली के फ्लैट पर पहुंची। बताया जा रहा है कि गोवा पुलिस के अधिकारियों ने इस दौरान वर्तमान में रह रहे सोनाली के किराएदारों से करीब एक घंटे तक पूछताछ की है। बताया जा रहा है कि गोवा पुलिस ने सोनाली की संपत्ति को लेकर गहन पूछताछ की है। पूछताछ और कुछ दस्तावेजों के साथ पुलिस गोवा के लिए रवाना हो गई।
दरअसल, नोएडा सेक्टर-52 के अरावली अपार्टमेंट में भाजपा नेता सोनाली फोगाट का फ्लैट संख्या-122ए है। यह फ्लैट सोनाली ने 2015 में खरीदा था। जांच में पता चला है इससे पहले सोनाली 2013 से 2015 के बीच अरावली अपार्टमेंट में ही किराए पर रही हैं। वर्तमान में यह फ्लैट किराए पर है और फ्लैट पर एक महिला चिकित्सक और दिल्ली का एक युवक रहता है। दोनों लोग सोनाली को 30 हजार रुपये प्रतिमाह किराया देते थे। महिला चिकित्सक 20 हजार रुपय, जबकि दूसरा युवक दस हजार रुपये किराया देता था। किरायेदारों से गोवा पुलिस ने पूछा कि सोनाली अंतिम बार फ्लैट पर कब आई थीं। दोनों किराएदारों समेत अन्य लोगों के बयान लिखित दर्ज किए गए। सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर पुलिस मामले की जांच कर रही है। गोवा पुलिस ने सोनाली फोगाट के आसपास रहने वाले करीब 9 लोगों से पूछताछ की है।
गोवा पुलिस ने गोपनीय तरीके से की जांच
गोवा पुलिस के साथ मौजूद एक अधिकारी ने बताया कि टीम करीब सात बजे नोएडा पहुंची और इसके बाद स्थानीय पुलिस को इसकी जानकारी दी। स्थानीय पुलिस के साथ गोवा पुलिस फ्लैट पर पहुंची और करीब एक घंटे तक किरायेदारों सहित आसपास के फ्लैट में रहने वाले लोगों से पूछताछ भी की। इस दौरान गोवा पुलिस ने आरडब्ल्यूए के पदाधिकारियों से भी सोनाली की संपत्ति के बारे में जानकारी हासिल की है। रेंट एग्रीमेंट समेत अन्य जानकारी टीम ने एकत्र की है। फ्लैट पर गोवा पुलिस के पहुंचने की जानकारी पूरी तरह से गोपनीय रखी गई।
सोनाली की संपत्ति को लेकर हो रही जांच
ज्ञात हो कि 23 अगस्त को सोनाली फोगाट की गोवा में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। इस मामले में सोनाली फोगाट के परिजनों ने उसके पीए सुधीर सांगवान और सुखविंदर के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया था। आरोप है कि ड्रग्स की ओवरडोज देने से सोनाली की मौत हुई थी। अब गोवा पुलिस सोनाली की देशभर में विभिन्न जगहों की संपत्ति को लेकर जांच कर रही है।