5 अप्रैल 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

‘अब जनता तय करती है राजा..’ मोदी-योगी को लेकर संजय निषाद का बड़ा बयान, सपा-बसपा पर साधा निशाना

नोएडा में एकता महासम्मेलन को संबोधित करते हुए डॉ. संजय निषाद ने बड़ा बयान दिया है। मोदी और योगी के समर्थन का जिक्र किया।

2 min read
Google source verification

नोएडा

image

Anuj Singh

Apr 05, 2026

नोएडा में संजय निषाद का बड़ा बयान

नोएडा में संजय निषाद का बड़ा बयान Source- FB official Id

UP Politics: निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद ने नोएडा में एकता महासम्मेलन को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने मीडिया से खास बातचीत की और कई महत्वपूर्ण बातें कहीं। उन्होंने लोकतंत्र, जनता की ताकत और अपनी सरकार की नीतियों पर जोर दिया। संजय निषाद ने कहा कि पहले के समय में राजा खुद तय करता था कि उसका कौन सा बेटा राजा बनेगा। लेकिन अब लोकतंत्र का युग है। यहां राजा रणनीति से नहीं, बल्कि जनता तय करती है कि कौन राजा बनेगा।

उन्होंने कहा कि जो नेता जनता के हितों को उठाता है, जनता उसी को अपना राजा चुनती है। निषाद ने जोर देकर कहा कि उनकी सरकार हमेशा जनता की आवाज उठाती है। वे NDA के सहयोगी दल हैं और जनता के हित में काम करते हैं।

राम-निषाद का उदाहरण दिया

संजय निषाद ने त्रेता युग का उदाहरण देते हुए कहा कि भगवान राम ने रावण से युद्ध जीतने के लिए निषाद राज को गले लगाया था। ठीक उसी तरह आज के युग में प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री योगी ने निषाद समाज के डॉ. संजय निषाद को गले लगाया है। उन्होंने कहा कि मोदी और योगी ने हमें चुनाव में जीत दिलाने के लिए अपना समर्थन दिया है। यह बात उन्होंने बहुत भावुक होकर कही।

सपा और बसपा पर निशाना

संजय निषाद ने सपा और बसपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि इन दोनों पार्टियों ने पिछले सालों में लोगों की रोजी-रोटी छीनने का काम किया है। अब वक्त आ गया है कि लोगों को उनके हक और अधिकार वापस दिलाए जाएं। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों ने दलित, पिछड़े और गरीब वर्गों के साथ न्याय नहीं किया। अब NDA सरकार इन वर्गों को उनका हक देने का काम कर रही है।

एकता महासम्मेलन का मकसद

निषाद ने बताया कि नोएडा के इंडोर स्टेडियम में हो रहा एकता महासम्मेलन दलित, पिछड़ा और सभी पिछड़े वर्गों को एकजुट करने के लिए आयोजित किया गया है। जो लोग किसी कारणवश आज भी तरक्की नहीं कर पाए हैं, पीछे रह गए हैं या छूट गए हैं, उन्हें भी मुख्यधारा में लाकर उनका अधिकार दिलाना है। इस महासम्मेलन का मुख्य उद्देश्य सभी वर्गों को जोड़ना और समाज में एकता स्थापित करना है। संजय निषाद का यह बयान नोएडा में काफी चर्चा में रहा। उन्होंने साफ संदेश दिया कि उनकी पार्टी और NDA सरकार हमेशा गरीब, दलित और पिछड़े वर्गों के हित में काम करेगी।