
पेट्रोल की जगह गाड़ियों में भर दिया पानी, PC- IANS
ग्रेटर नोएडा: उत्तरप्रदेश के ग्रेटर नोएडा के बीटा-2 थाना क्षेत्र स्थित सेक्टर पाई-1 में शनिवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक पेट्रोल पंप से तेल भरवाकर निकले वाहन चालकों की गाड़ियां एक-एक कर खराब होने लगीं। जांच में पता चला कि पेट्रोल के टैंक में भारी मात्रा में पानी मिल गया था, जिसे अनजाने में ग्राहकों की गाड़ियों में भर दिया गया।
जानकारी के मुताबिक, शनिवार दोपहर सेक्टर पाई-1 के एक पेट्रोल पंप पर सामान्य रूप से वाहनों में ईंधन भरा जा रहा था। जैसे ही करीब 10 कारें और 10 बाइक चालक पेट्रोल भरवाकर पंप से कुछ मीटर दूर निकले, उनकी गाड़ियां अचानक बंद हो गईं। जब एक साथ कई वाहन ठप हुए, तो चालकों को माजरा समझ आया। लोग बोतल में पेट्रोल निकलवाकर वापस पंप पहुँचे, तो देखा कि तेल में साफ तौर पर पानी मिला हुआ था।
घटना की सूचना मिलते ही ग्राहकों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने पंप पर जमकर हंगामा किया। पंप मैनेजर ने स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया कि कुछ समय पहले एक ट्रक की टक्कर से पेट्रोल टैंक की पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई थी। पाइप टूटने के कारण बारिश का पानी रिसकर सीधे मुख्य टैंक में चला गया। करीब 12,000 लीटर पेट्रोल में पानी मिल चुका था, जिसे पूरी तरह खाली कर साफ कराया जा रहा है।
हंगामे की सूचना मिलते ही बीटा-2 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आक्रोशित भीड़ को शांत कराया। प्रभावित ग्राहकों ने गाड़ियों के इंजन में आई खराबी के लिए मुआवजे की मांग की।
पंप प्रबंधन ने माना कि यह उनकी तकनीकी चूक थी और उन्होंने ग्राहकों को नुकसान की भरपाई (मुआवजा) करने और पेट्रोल के पैसे वापस करने की बात कही है।
जिला पूर्ति अधिकारी (DSO) स्मृति गौतम ने बताया कि विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर पेट्रोल के नमूने (Samples) ले लिए हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर पंप मालिक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस घटना ने उन वाहन चालकों को बड़ी चपत लगाई है जिन्हें बीच सड़क पर मैकेनिक बुलाकर अपनी गाड़ियों का फ्यूल टैंक साफ कराना पड़ा। फिलहाल, एहतियात के तौर पर पंप पर पेट्रोल की बिक्री रोक दी गई है।
Updated on:
04 Apr 2026 09:23 pm
Published on:
04 Apr 2026 09:22 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
