नोएडा

नोएडा में कार के शीशे तोड़कर बदमाशों ने सामान पर कर दिया हाथ साफ

हॉस्पीटल के सामने खड़ी कार से सामान लेकर फरार हुए बदमाश ऑटो में सवार होकर चोरी करने आए थे बदमाश सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच में जुटी पुलिस

2 min read
Apr 29, 2019
नोएडा में कार के शीशे तोड़कर बदमाशों ने समान पर कर दिया हाथ साफ

नोएडा. यदि आप नोएडा में रहते हैं और कार का इस्तेमाल करते हैं तो हमारी यह खबर आपके लिए कारगर साबित हो सकती है। दरअसल, नोएडा में अब एक ऐसा गैंग सक्रिय है, जो कि कार का शीशा तोड़कर आपकी कार में रखें सामान पर आसानी से हाथ साफ कर देता है। ऐसा ही एक मामला सोमवार की दोपहर में उस वक्त सामने आया, जब सेक्टर 33 में स्थित प्रकाश हॉस्पिटल के सामने खड़ी एक स्विफ्ट कार को इस गैंग ने अपना निशाना बनाते हुए इसकी खिड़की के पिछले शीशे को तोड़ कर कार की पिछली सीट पर रखे लाखों का सामान पलक झपकते ही साफ कर दिया। इसके बाद ये बदमाश मौके से फरार हो गए। इसका पता कार मालिक को उस वक्त चला, जब वह डॉक्टर को दिखाने के बाद अपने घर जाने के लिए कार के पास पहुंचे। आनन-फानन में इसकी सूचना डायल 100 पुलिस को दी गई । सूचना के आधार पर मौके पर पहुंची पुलिस ने हॉस्पिटल में लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगालने में जुट गई । पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस गैंग का पर्दाफाश करते हुए गैंग के सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

आपको बताते चलें कि गाजियाबाद के थाना विजयनगर इलाके की प्रताप विहार कॉलोनी में स्थित जी 135 में रहने वाले प्रतीक अपनी पत्नी नूपुर को सोमवार को करीब 1:00 बजे प्रकाश हॉस्पिटल में इलाज कराने गए थे । इलाज के बाद जब वह करीब 1 घंटे बाद हॉस्पिटल से बाहर निकले और कार के पास पहुंचे तो उनकी स्विफ्ट कार UP14 DX 2811 की खिड़की का पीछे वाला शीशा टूटा हुआ मिला । इसके साथ ही कार की पिछली सीट पर एक लैपटॉप, कीमती आधुनिक म्यूजिक सिस्टम, लैपटॉप का चार्जर, हेडफोन, और प्रतीक एवं नूपुर के कीमती कपड़े और करीब 40,000 की नकदी से भरा बैग गायब मिला। इसके बाद आनन-फानन में स्थानीय पुलिस को सूचित किया गया। सूचना के आधार पर मौके पर पहुंची पुलिस ने हॉस्पिटल में लगे सीसीटीवी कैमरे को खंगाला। जिसमें साफ तौर पर दिखाई दे रहा है कि एक शख्स बाकायदा एक ऑटो में सवार होकर आया। वह ऑटो चालक भी उसी का साथी ही लग रहा है। उन्होंने कुछ ही दूरी पर ऑटो खड़ा किया। उसके बाद चारों तरफ रेकी करते हुए कार का शीशा तोड़ा और कार में रखा बैग उड़ा लिया। उसके अलावा वही शख्स एक और गाड़ी को भी चेक करने गया। लेकिन उस गाड़ी में कोई सामान नहीं था । इसके बाद वह ऑटो में बैठकर फरार हो गया। फिलहाल, पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए इस गैंग के सदस्यों की तलाश शुरू कर दी है।

उधर, इस पूरे मामले में थाना अध्यक्ष सेक्टर 24 नोएडा ने बताया कि इस तरह का मामला सामने आया है। पीड़ित प्रतीक कुमार द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर मामला दर्ज करते हुए अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरे को खंगालने से बदमाशों की करतूत का खुलासा हो गया है। इसके आधार पर बदमाशों की तलाश की जा रही है। जल्द ही इस मामले का खुलासा करते हुए बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Published on:
29 Apr 2019 07:49 pm
Also Read
View All