
नोएडा. मेरठ-सहारनपुर शिक्षक विधान परिषद सीट का चुनाव परिणाम घोषित कर दिया गया है। इस सीट पर भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार श्रीचंद शर्मा ने ऐतिहासिक जीत हासिल की है। श्रीचंद शर्मा ने ओमप्रकाश शर्मा (शर्मा गुट) का 48 साल पुराना वर्चस्व खत्म कर दिया है। श्रीचंद शर्मा ने ओम प्रकाश शर्मा को 4232 मतों से पराजित किया है। मतगणना में 3 चक्रों के दौरान श्रीचंद शर्मा लगातार बढ़त हासिल करते गए। श्रीचंद शर्मा ने 7186 मत हासिल किए हैं। जबकि ओम प्रकाश शर्मा को केवल 2954 मत प्राप्त हुए हैं।
बता दें कि 48 साल से एमएलसी रहे ओम प्रकाश शर्मा को हराने वाले श्रीचंद शर्मा गौतमबुद्ध नगर जिले के दादरी थाना क्षेत्र स्थित धूम मानिकपुर गांव के निवासी हैं। श्रीचंद शर्मा 2013 से 2016 तक वेस्ट यूपी में भाजपा के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष रह चुके हैं। वह गौतमबुद्ध नगर के जिलाध्यक्ष भी रहे हैं। इससे पहले वह राष्ट्रीय स्वंयसेवक संघ से जुड़े थे। वह 2000 से 2003 तक जिला प्रचारक रहे। इससे पहले उन्होंने विहिप में जिला प्रमुख की जिम्मेदारी संभाली थी। वर्तमान में वह भाजपा के मेरठ महानगर के जिला प्रभारी हैं।
भट्टा पारसौल किसान आंदोलन में गए थे जेल
भट्टा पारसौल में किसान आंदोलन का भी श्रीचंद शर्मा ने तीन माह तक नेतृत्व किया था। उस दौरान गिरफ्तारी के बाद वह तीन दिन तक जेल में बंद रहे थे। इसके अलावा शर्मा गोकशी और कार्यकर्ताओं की हत्या के खिलाफ हुए आंदोलन में भी सक्रिय रहे थे। श्रीचंद शर्मा विभिन्न सामाजिक समस्याओं को लेकर हुए आंदोलनों में 12 बार जेल जा चुके हैं। दिल्ली विधानसभा चुनाव के दौरान भाजपा ने श्रीचंद शर्मा को शाहदरा का जिला प्रभारी नियुक्त किया था।