ओपिनियन

शरीर ही ब्रह्माण्ड: कर्मबंधन से ब्रह्मभाव तक

जीवन और सृष्टि परस्पर आदान-प्रदान से चलते हैं। मनुष्य जैसा कर्म करता है, उसी के अनुसार उसकी आगे की स्थिति बनती है-यदि कर्म संकीर्ण या अज्ञान-प्रेरित है, तो जीव बार-बार जन्म-मृत्यु के चक्र में बंधा रहता है।
4 min read
• •
Updated: 21 Nov 2026, 8:31 AM IST
shareer hi brahmand
फोटो: पत्रिका

ब्रह्य के नानात्व भाव में कारक तत्त्व कर्म है। है। बल-शक्ति और कर्म तीनों समानार्थक है। ये तीनों ब्रह ब्रह्म अर्थात् रस के आधार पर ही स्थिति पाते हैं। जैसे जल को तरंग बांधता है, उसी प्रकार बल/कर्म भी रस को सीमाभाव में लेता हुआ यदि उससे सम्बद्ध होता है तो वह ग्रंथि कहा जाता है। कर्म ही बांधता है, कर्म ही बांधा जाता है तथा कर्म की ही कर्मान्तर (दूसरे कर्म) से ग्रंथि पड़ती है। कर्म की तीन अवस्थाएं होती है-इच्छा, क्रिया और आवरण। सृष्टि के सभी जड़-चेतन पदार्थों में कर्म की ये तीनों अवस्थाएं रहती हैं। जड़ सृष्टि में इन्द्रियों का अभाव होने से उनका प्रकटीकरण नहीं हो पाता।

जब कर्म के साथ रस का संबंध विभूति योग से होता है तब उस अवस्था में अभ्युदय होता है और सुख मिलता है। जहां विभूति संबंध अत्यल्प होता है, वहां दुःख होता है, पतन होता है। गरुड़ पुराण में कहा गया है कि संसार में प्रत्येक जीव अपने कर्मों के अनुसार फल प्राप्त करता है। यह भी सत्य है कि सम्पूर्ण 84 लाख योनियों में मानव ही कर्मयोनि है, जो अपने कर्मफलों के भोग हेतु अन्य योनियां पाता है।

जीवन और सृष्टि परस्पर आदान-प्रदान से चलते हैं। मनुष्य जैसा कर्म करता है, उसी के अनुसार उसकी आगे की स्थिति बनती है-यदि कर्म संकीर्ण या अज्ञान-प्रेरित है, तो जीव बार-बार जन्म-मृत्यु के चक्र में बंधा रहता है। जैसी इच्छा (कामना) होती है, वैसा संकल्प बनता है; जैसा संकल्प होता है, वैसा कर्म होता है; और जैसा कर्म होता है, वैसा ही फल मिलता है-स यथाकामो भवति तत्क्रतुर्भवति यत्क्रतुर्भवति तत्कर्म कुरुते यत्कर्म कुरुते तदभिसंपद्यते। (बृहदारण्यक उपनिषद 4.4.5)। कर्म कभी नष्ट नहीं होते। कुछ कर्मों का फल इसी जन्म में रोग, अशांति या विपरीत परिस्थितियों के रूप में दिखता है, जबकि कुछ कर्म मृत्यु के बाद की अवस्था या अगले जन्म की योनि तय करते हैं।

कठोपनिषद में नचिकेता और यम के संवाद के माध्यम से यह दिखाया गया है कि मृत्यु केवल अंत नहीं है, बल्कि प्रेय (सुख/आकर्षण) और श्रेय (कल्याण/तत्त्व) की प्राप्ति का विधान है। जो केवल क्षणिक सुख या वासना के पीछे भागता है, वह बंधन में उलझता है; जो विवेक से श्रेय को चुनता है, वह भीतर की स्पष्टता और मुक्ति की ओर बढ़ता है-

अन्यच्छ्रेयोऽन्यदुतैव प्रेयस्ते उभे नानार्थ पुरुषं सिनीतः। तयोः श्रेय आददानस्य साधु भवति हीयतेऽर्थाद्य उ प्रेयो वृणीते ॥ (कठोपनिषद 1.2.1)

उपनिषद् स्वयं के स्वरूप और चेतना के बोधक है। जब भीतर की पकड़ (वासना) छूटती है, तभी कर्म का बंधन समाप्त होता है। मृत्यु के समय आत्मा एक शरीर छोड़कर दूसरे शरीर या अवस्था में कैसे जाता है, इसे समझाने के लिए बृहदारण्यक उपनिषद एक बहुत ही सुंदर उपमा देता है-तद्यथा तृणजलायुका तृणस्यान्तं गत्वाऽन्यमाक्रममाक्रम्याऽऽत्मानमुपसंहरति, एवमेवायमात्मा इदं शरीरं निहत्याऽविद्यां गमयित्वाऽन्यमाक्रममाक्रम्यात्मानमुपसंहरति । (बृहदारण्यक उपनिषद 4.4.3)

जिस तरह घास के एक तिनके के सिरे पर पहुंचकर जोंक पहले अगले तिनके का सहारा पकड़ता है और तब पिछले तिनके को छोड़ता है, ठीक उसी तरह देह त्यागते समय आत्मा पहले अपने संस्कारों और वासनाओं के अनुरूप अगली अवस्था का आधार पकड़ता है, और फिर इस शरीर को छोड़ता है।

मृत्यु के समय जीव की वाक् शक्ति बह्नि में, प्राण वायु में, चक्षु सूर्य में, मन चन्द्र में, श्रवणेन्द्रिय आकाश में, शरीर पृथ्वी में, आत्मा महाव्योम में, लोम समूह तृणलता में, केशपाश वृक्ष में, रक्त और शुक्र जल में विलीन होते हैं। शरीरावयवों के विनष्ट होने पर भी जीवात्मा का विनाश नहीं होता है। तब यह प्रश्न स्वाभाविक है कि जीवात्मा उस समय किसका आश्रयण कर अवस्थान करता है? इसका उत्तर है कि जीवात्मा अपने कर्मसूत्रों का अवलम्बन कर उस समय भी रहता है।

मृत्यु के बाद भी कर्म-शेष रहता है, यह कर्ममूल ही जीव के देहावसान के बाद परलोक में जाता है, नवीन शरीर धारण कर संसार मार्ग पर विचरण करता है। कर्म उसका परित्याग नहीं करता है क्योंकि कृत कर्मों का अनुष्ठान करना ही पड़ता है। जीव अपने स्वभाववश ही कर्म का अनुष्ठान करता है। उसका अनुष्ठित कर्म शुभ होने पर शुभ फल मिलता है और अशुभ कर्म के फलस्वरूप निकृष्ट योनियां मिलती हैं (छा. 5/10/7)। हीन कर्म करने वालों की अवर्णनीय दुर्गति होती है। उनकी ऊर्ध्वगति नहीं होती। वे जन्म और मृत्यु के आवर्त में ही घूमते रहते हैं क्योंकि मृत्यु के समय केवल स्थूल शरीर छूटता है, लेकिन मन, बुद्धि और अहंकार से जुड़े संस्कार सूक्ष्म शरीर के साथ चलते हैं। गरुड़ पुराण में इन्हीं संस्कारों को अगली गति का आधार माना गया है।

जीवन भर के संस्कार और अंत समय की चेतना का गहरा संबंध होता है। हर कर्म एक सूक्ष्म स्पंदन या संस्कार छोड़ता है। जैसे प्रकृति में हर क्रिया की प्रतिक्रिया और हर बीज का अपना फल होता है, वैसे ही कर्म का संस्कार अपने अनुकूल परिस्थिति या स्तर की ओर आकर्षित होता है। देह छोड़ते समय मन जिस चीज, व्यक्ति, क्रोध, भय या अधूरी इच्छा में अटका रहता है, वही सूक्ष्म स्तर पर जीव को भ्रमित करती है। काम, क्रोध और लोभ को आत्मा का नाश करने वाले नरक के तीन द्वार कहा गया है-
त्रिविधं नरकस्येदं द्वारं नाशनमात्मनः। कामः क्रोधस्तथा लोभस्तस्मादेतत्त्रयं त्यजेत् ॥ (गीता 16.21)
इसलिए प्राचीन परंपरा में शांत वातावरण, ईश्वर-स्मरण और मन को हल्का रखने पर जोर दिया जाता है। प्रेत-योनि अटके हुए जुड़ाव की अवस्था है। जहां जीव स्थूल शरीर से अलग हो चुका है, पर उसकी वासनाएं और लगाव उसे सहज गति नहीं लेने देते।

भगवद्गीता में कर्म, फल और मृत्यु के बाद की गति को आंतरिक चेतना, कर्तापन और चित्त की शुद्धि के रूप में व्याख्यायित किया है। कर्म कैसे किया जा रहा है, किस भाव से किया जा रहा है, और मनुष्य भीतर से कितना आसक्त या मुक्त है-यही गीता का मूल है। कर्म का नियम अटल है, लेकिन उसके परिणाम से बंधना या न बंधना भाव और आसक्ति पर निर्भर करते हैं।

अंतिम समय की स्थिति को जीवन भर के अभ्यास और संस्कारों का प्रतिबिंब माना गया है। देह त्यागते समय मनुष्य जिस भाव या स्मृति में स्थित होता है, उसी के अनुसार उसकी गति होती है। इसके लिए अभ्यास और चिंतन किया जाता है-अभ्यासेन तु कौन्तेय वैराग्येण च गृह्यते। पुनः सत्व, रज और तम गुणों के आधार पर भी जीव की गति होती है। सात्विक स्थिति में ऊर्ध्व गति, राजसिक में मध्य स्थिति, और तामसिक में अधोगति प्राप्त होती है। कर्म ही जीव की गति का मूल बनता है, तब कर्म को ब्रह्ममय बनाया जाए, ताकि कर्म बंधन न हो क्योंकि ब्रह्म को सीमित करने वाला कर्म पूर्ण न होकर ब्रह्म कहलाता है। फलपर्यन्त कर्म की पूर्णता कही जाती है। यदि कर्म की पूरी पूर्णता हटा दें तो मात्र ब्रह्म की पूर्णता ही शेष रह जाती है। फल को युक्त करके न किया गया कर्म ही बंधन मुक्त रखता है। ऐसा कर्म अपूर्ण कहलाता है। अपूर्ण कर्म ब्रह्ममय होने से ब्रह्म की पूर्णता कहा जाता है। अपूर्ण कर्म अकर्म है। अकर्म ब्रह्म है, कर्म माया है। कर्म में जो अकर्म को देखें तथा अकर्म में कर्म को, कृष्ण उसे बुद्धिमान कहते हैं क्योंकि यह दृष्टि ही कर्मबंधन से छुड़ाने वाली होती है।

क्रमश:
gulabkothari@epatrika.com