14 नवंबर 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

शरीर ही ब्रह्माण्ड: सृष्टि है अन्नमय

चन्द्रमा औषधियों (अन्न) का स्वामी है। अन्न से मन का निर्माण होता है। अतः मन का स्वामी भी चन्द्रमा ही है। शरीर का अन्न, बुद्धि का अन्न, मन का अन्न तथा आत्मा का अन्न मिलकर प्रत्येक प्राणी का स्वरूप निर्माण करते हैं। जैसा अन्न, वैसे विचार।
4 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

भारत

•

image

Gulab Kothari

•

image

गुलाब कोठारी

•

Updated: 14 Nov 2026, 7:24 AM IST

sharir hi brahmand

फोटो: पत्रिका

सर्वमिदमन्नं सर्वमिदमन्नाद: - सृष्टि में सभी अन्न हैं और सभी अन्नाद। अन्न सोम है, भोग्य सामग्री है। अन्नाद अग्नि है, भोक्ता है। अग्निसोमात्मकं जगत् की अवधारणा में अग्नि में सोम की आहुति को यज्ञ कहते हैं। यज्ञ से अपूर्व की उत्पत्ति होती है और सृष्टि आगे बढ़ती है। अन्न की परिभाषा बहुत व्यापक है - सृष्टि का हर प्राणी, हर प्रक्रिया, हर नवनिर्माण अन्न-अन्नाद के सिद्धान्त पर कार्य कर रहा है। सोम चलकर आता है, अग्नि में आहुत होने-
अग्निर्जागार तमृच: कामयन्तेऽग्निर्जागार तमु सामानि यन्ति ।
अग्निर्जागार तमयं सोम आह तवाहमस्मि सख्ये न्योका:
॥ (ऋ. 5.44.15)
हमारे जीवन में भी तो यही होता है- यथा ब्रह्माण्डे तथा पिण्डे। सौम्या स्त्री ही पुरुषाग्नि में आहुत होती है। स्त्री यहां अग्नि का अन्न है। स्वयं अपने अस्तित्व को भस्म करके अग्नि रूप हो जाती है, जो कि स्त्री के भीतर का ही स्वरूप है। अद्र्धनारीश्वर सिद्धान्त के अनुसार पुरुष भीतर स्त्री है तथा स्त्री भीतर पुरुष है। सौम्या स्त्री ही आहुत होकर पुरुष की वर्णमाला तैयार करती है।

चन्द्रमा औषधियों (अन्न) का स्वामी है। अन्न से मन का निर्माण होता है। अत: मन का स्वामी भी चन्द्रमा ही है। शरीर का अन्न, बुद्धि का अन्न, मन का अन्न तथा आत्मा का अन्न मिलकर प्रत्येक प्राणी का स्वरूप निर्माण करते हैं। जैसा अन्न, वैसे विचार। पार्थिव अग्नि और वृष्टि जल दोनों के सम्मिश्रण से उत्पन्न अन्न में देव और असुर दोनों प्राण रहते हैं। केवल अन्न ही नहीं बल्कि सृष्टि का प्रत्येक प्राणी इन दोनों भावों को साथ लेकर पैदा होता है। गीता में 16वां अध्याय इसी दैवासुरसम्पद् को बताता है कि किस प्रकार अपने असुर भाव पर देव भाव को विजित कर सकते हैं।

अन्न में सौर-दिव्य प्राण, इन्द्र प्राण, सोम प्राण समाविष्ट हैं तो आसुर, मलीमस, वारुण आदि प्राण भी रहते हैं। अन्न दिव्य भावों के कारण रसात्मक तथा आसुर भावों के कारण मलात्मक रहता है। आसुर भाव सुरा तथा दिव्य भाव सोम है। इन्हीं दोनों भावों को आसुरी और दैवीय सम्पति कहते हैं। सोम भाव गुण तथा आसुर भाव दोष है—गुणदोषमयं सर्वं स्रष्टा सृजति कौतुकी। सुरा भाव आवरण प्रवृत्ति के कारण तम कहा जाता है तथा सोम भाव को आवरण निवृत्ति के कारण ज्योति कहा जाता है। मादकता अन्न का स्वाभाविक गुण है। वैश्वानर अग्नि में आहुत अन्न की मादकता के कारण ही भोजन के पश्चात् नींद आने लगती है। अन्न का सुरा भाग मलात्मक है, जो जीवन शक्ति को हानि पहुंचाता है जबकि सोम भाग रसात्मक है जो जीवन शक्ति की वृद्धि करता है। समुद्रमंथन से प्रादुर्भूत हलाहल विष का पान करके शिव नीलकंठ बने और प्राणीमात्र की रक्षा की। ईश्वर ने हमारे कंठ में भी विष-अमृत का विभाजक यंत्र प्रशित्रविष लगा दिया है जिसमें सुराभाग-विषाक्त भाग नियंत्रित होकर, रस भाग के विशकलन से अमृत भाग से अलग होकर परावर्तित हो जाता है। कुछ शेष अंश अंगड़ाई, जम्हाई रूप में अभिव्यक्त होता है।

पुरुष की वैश्वानराग्नि आहुत अन्न रूप सोम को विशकलित अर्थात् खण्डित भाव में ले आता है जिससे अन्न के रस और मल भाग विभाजित हो जाते हैं। भुक्तान्न से रस, असृक्, मांस, मेद, अस्थि, मज्जा, शुक्र इन सात धातुओं का निर्माण होता है। पुन: शुक्र से ओज व ओज से मन का निर्माण होता है।

प्रत्येक धातु के दो विभाग होते हैं—रस और मल। मल भाग अपशिष्ट होता है तथा रसभाग से अगली धातु का निर्माण होता है। अन्न रूप सोम का सारभाग प्रथम धातु रस बनता है। मल व मूत्र के रूप में इसका अपशिष्ट शरीर से बाहर निकल जाता है। रस धातु का रस भाग असृक् (रक्त) बन जाता है और मल कफ बन जाता है। इसी प्रकार रक्त का रस मांस और मल पित्त है, मांस का रस मेद और मल भाग नाक और कान का मल है। मेद का रस भाग अस्थि और मल स्वेद है। अस्थि का रस भाग मज्जा और मल भाग केश, लोम और नाखून हैं। मज्जा का रस वीर्य और मल आंख और त्वचा का कीचड़ है। वीर्य का रस भाग ओज और मल भाग मुहांसे हैं।

अन्न का सातवां धातु शुक्र सोम है। तदेव शुक्रं तद् ब्रह्म तदेवामृतमुच्यते रूप में वही शुक्र, ब्रह्म और अमृत कहलाता है। यह शुक्र सृष्टि बीज शुक्राणु को संरक्षित रखता है। जो योषाग्नि में आहुत होकर स्थूल शरीर धारण करता है। यही अन्न से जीवों की उत्पत्ति का मूल विज्ञान है।
कृष्ण वैश्वानर रूप में सभी प्राणियों में विद्यमान हैं।
अहं वैश्वानरो भूत्वा प्राणिनां देहमाश्रित:।
प्राणापानसमायुक्त: पचाम्यन्नं चतुर्विधम्
॥ (15.14)

अर्थात् प्राण और अपान वायु के सहयोग से मैं वैश्वानर अग्नि के रूप में प्राणियों के चार प्रकार के अन्नों को पचाता हूं। भोज्य, भक्ष्य, चोष्य और लेह्य—इन चार प्रकार के अन्नों के पाचन से शरीर की धातुओं का निर्माण होता है। शरीर के पोषण व स्वास्थ्य हेतु इन चारों प्रकारों के अन्नों का संतुलन आवश्यक है। यह बात सिर्फ औषधि, वनस्पति रूप अन्न व प्राणियों द्वारा ग्रहण किए जाने वाले स्थूल अन्न पर ही लागू नहीं होती बल्कि अध्यात्म के मन, बुद्धि और आत्मा से सम्बद्ध अन्न पर भी घटित होती है।

शरीर के स्तर पर स्थूल जठराग्नि में आहुत भोज्य आदि सोम पदार्थों की आहुति होती है जिसके कारण हमारे भौतिक देह को प्राणवान कहा जाता है। मन के स्तर पर इच्छाओं और भावनाओं की अग्निरूपता को देखा जा सकता है—इन्द्रियाणां मनश्चास्मि भूतानामस्मि चेतना॥ (गीता 10.22) सुख-दु:ख, आकर्षण-विकर्षण, वासना, आसक्ति, राग-द्वेष आदि विषयों की ओर मन भागता है। अनियंत्रित भावनात्मक संवेग व्यक्ति को संसार-चक्र में उलझाए रखते हैं तो मन की शांतावस्था उसे योगी बना देती है—मन एव मनुष्याणां कारणं बंधमोक्षयो:। बुद्धि सूचनाओं, ज्ञान और अनुभवों को ग्रहण कर, विश्लेषणात्मक निष्कर्ष निकालती है—बुद्धिर्बुद्धिमतामस्मि… (गीता 7.10) बुद्धि के स्तर पर वैश्वानर अग्नि ही वह बौद्धिक अग्नि है जिसको कृष्ण ने व्यवसायात्मिका कहा है—व्यवसायात्मिका बुद्धिरेकेह कुरुनन्दन।

शरीर, मन और बुद्धि से परे आत्मा स्वयं सत्-चित्-आनंद स्वरूप है। जैसे एक ही अग्नि विभिन्न दीपकों में प्रज्वलित है, वैसे ही समस्त जीवों में वही मूल चेतना रूपी वैश्वानराग्नि विद्यमान है। शरीर अन्न को पचाता है, मन अनुभवों और भावनाओं को पचाता है, बुद्धि विचारों और ज्ञान को पचाकर विवेक जाग्रत करती है तथा आत्मा साक्षी भाव में रहता हुआ आनन्द की स्थिति बनाए रखता है।

'यथा ब्रह्माण्डे तथा पिण्डे’ का नियम सर्वत्र लागू होता है। सम्वत्सर में पृथ्वी भ्रमण करते हुए चार महासागरों से गुजरती है- दधि सागर, घृत सागर, मधु सागर और अमृत सागर। उन चारों महासागरों का प्रभाव हमारे अन्न पर पड़ता है। दधि, घृत, मधु और अमृत इन चारों तत्त्वों का सम्बन्ध क्रमश: शरीर, स्नेहन, मिठास और रस से हैं। इसी तरह अन्न में भी चारों तत्त्व मौजूद रहते हैं। गेहूं को पीसेंगे तो उसका चापड़ (छिलका) निकलता है, वह दधि भाग है। जब आटे को गूंधते हैं तो उसमें जो स्नेहन या लोच आ रहा है, वो उसका घृत भाग है। गेहूं में जो मिठास है, वह मधु भाग है। जो रस भाग है, उसको हम अमृत कहते हैं। रसो वै स:। रस ब्रह्म का पयार्य है। यानी अन्न ही रस को हमारे शरीर में ला रहा है।

जिसका जिससे निर्वाह होता है वही उसका अन्न है, जैसे आकाश का अन्न शब्द है। यहां तक कि संवाद भी अन्न है। हम एक-दूसरे से बात कर रहे हैं, तो हम एक-दूसरे का भोग कर रहे हैं। यानी हम एक-दूसरे के अन्न हैं। विचारों से, भावनाओं से, कर्मों से जो भी ग्रहण किया जाता है, वह सब-कुछ अन्न हैं। हम एक-दूसरे को भोग रहे हैं। क्या अन्न की इस व्यापकता को हम समझ पाते हैं?

क्रमश:
gulabkothari@epatrika.com