ओपिनियन

आपकी बात: बढ़ती गर्मी और लू से बचाव के लिए क्या विशेष कदम उठाने चाहिए?

पाठकों ने इस विषय पर विविध प्रतिक्रियाएं व्यक्त की हैं। प्रस्तुत हैं उनकी कुछ चुनिंदा प्रतिक्रियाएं...

3 min read
Mar 09, 2026

लू से बचाव के लिए सावधानी जरूरी

भीषण गर्मी और लू का प्रकोप मानव जीवन को प्रभावित कर सकता है, इसलिए सावधानी बरतना आवश्यक है। तेज धूप में अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचें। यदि बाहर जाना जरूरी हो तो छतरी का उपयोग करें और सिर ढककर रखें। शरीर को ठंडक देने के लिए छाछ, दही, कैरी का पना और ठंडा पानी जैसे पेय पदार्थों का सेवन लाभकारी है। हल्के और ढीले वस्त्र पहनना भी गर्मी से राहत देता है। पारंपरिक देशी पंखों से हवा करना शरीर को सक्रिय बनाए रखने में सहायक हो सकता है। - उद्धव जोशी, उज्जैन

समय और दिनचर्या का ध्यान रखें

गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। ऐसे में लू और भीषण तापमान से बचने के लिए कुछ सावधानियां अपनाना जरूरी है। बाहर जाने के लिए सुबह और शाम का समय बेहतर माना जाता है, जबकि दोपहर के समय घर से निकलने से बचना चाहिए क्योंकि उस दौरान तापमान अधिक होता है। सूती और पूरे कपड़े पहनना शरीर को गर्मी से बचाता है। घर से निकलते समय पानी पीकर जाएं और साथ में भी पानी रखें। भोजन के साथ कैरी की छाछ का सेवन करना भी शरीर को ठंडक देता है। - निर्मला वशिष्ठ, राजगढ़ (अलवर)

खान-पान और पानी का संतुलन रखें

गर्मी के मौसम में शरीर को हाइड्रेट रखना सबसे जरूरी है। प्यास न लगने पर भी समय-समय पर पानी पीते रहना चाहिए। ग्लूकोज या ओआरएस का घोल शरीर को ऊर्जा और तरल संतुलन बनाए रखने में मदद करता है। आहार में कच्चे आम का पना, बेल का शरबत, छाछ और नारियल पानी शामिल करना लाभकारी है। तरबूज और खरबूजा जैसे मौसमी फल भी शरीर को ठंडक देते हैं। हल्के रंग के ढीले सूती कपड़े पहनें और बाहर निकलते समय सिर ढकने के साथ छतरी या धूप के चश्मे का उपयोग करें। - दीपू पाटीदार, झालावाड़

संतुलित दिनचर्या से मिलेगी राहत

भीषण गर्मी और लू से बचाव के लिए नियमित और संतुलित दिनचर्या अपनाना जरूरी है। शरीर में पानी की कमी न होने दें और घर से बाहर निकलने से पहले पर्याप्त पानी अवश्य पिएं। हल्का और सुपाच्य भोजन करना बेहतर रहता है। भोजन के साथ ठंडी तासीर वाले फलों का सलाद शामिल किया जा सकता है। इसके अलावा कैरी का पना, नींबू शिकंजी, दही और छाछ जैसे पेय पदार्थ गर्मी के मौसम में शरीर को शीतलता प्रदान करते हैं और लू के प्रभाव को कम करने में सहायक होते हैं। - संजय डागा, हातोद (इंदौर)

धूप से शरीर की सुरक्षा जरूरी

गर्मी और लू से बचने के लिए शरीर को धूप से सुरक्षित रखना जरूरी है। बाहर निकलते समय मुंह और कान को कपड़े या गमछे से ढकना उपयोगी हो सकता है। इसके साथ ही लंबी बाजू की शर्ट या पूरे कपड़े पहनना भी धूप के सीधे प्रभाव से बचाता है। ऐसी सावधानियां अपनाने से शरीर पर पड़ने वाली गर्म हवाओं का असर कम होता है और हीटवेव से होने वाली परेशानी से काफी हद तक बचाव संभव है। - प्रियव्रत चारण, जोधपुर

पर्याप्त पानी और सावधानी जरूरी

बढ़ती गर्मी और लू से बचाव के लिए दिनभर पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहना आवश्यक है। खाली पेट धूप में बाहर निकलने से बचें और हल्के, ढीले व सूती कपड़े पहनें। दोपहर 12 बजे से 4 बजे के बीच धूप में जाने से परहेज करना चाहिए क्योंकि इस समय तापमान अधिक होता है। बाहर जाते समय सिर को टोपी, गमछे या छाते से ढकना उपयोगी है। आहार में छाछ, नींबू पानी और ताजे फलों को शामिल करना शरीर को ठंडक और ऊर्जा प्रदान करता है। बुजुर्गों और बच्चों का विशेष ध्यान रखना भी जरूरी है। - डॉ. अभिनव शर्मा, झालावाड़

हीटवेव से निपटने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी

बढ़ती गर्मी और लू के प्रभाव को कम करने के लिए सरकार और समाज दोनों को मिलकर प्रयास करने होंगे। सरकार की ओर से हीट एक्शन प्लान लागू करना, टीवी और सोशल मीडिया के माध्यम से जन-जागरूकता अभियान चलाना तथा शहरों और गांवों में सार्वजनिक स्थानों पर प्याऊ की व्यवस्था करना उपयोगी कदम हो सकते हैं। साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं को तैयार रखना और हरित क्षेत्र बढ़ाना भी जरूरी है। दूसरी ओर आम लोगों को भी पर्याप्त पानी पीने, संतुलित खान-पान रखने और सावधानी बरतने की आदत अपनानी चाहिए। - प्रांजल मोदी, सादुल शहर

तेज धूप से बचाव सबसे प्रभावी उपाय

गर्मी और लू से बचने का सबसे सरल तरीका यह है कि तेज धूप की किरणों को सीधे त्वचा पर पड़ने से रोका जाए। बाहर निकलते समय सिर और शरीर को ढककर रखना चाहिए। खाली पेट रहने से लू जल्दी लग सकती है, इसलिए पर्याप्त मात्रा में पानी पीना जरूरी है। नींबू पानी और मौसमी फलों का सेवन शरीर को ऊर्जा और ठंडक प्रदान करता है। दोपहर के समय ऐसे पेय और फल विशेष रूप से लाभकारी होते हैं और गर्मी के प्रभाव को कम करने में मदद करते हैं। - सतीश उपाध्याय, मनेद्रगढ़ (छत्तीसगढ़)

Published on:
09 Mar 2026 02:47 pm
Also Read
View All

अगली खबर