ओपिनियन

आपकी बात: बस स्टॉप्स पर अतिक्रमण न हो, इसके लिए क्या कदम उठाए जाने चाहिए?

पाठकों ने इस विषय पर विविध प्रतिक्रियाएं व्यक्त की हैं। प्रस्तुत हैं उनकी कुछ चुनिंदा प्रतिक्रियाएं...

3 min read
Mar 30, 2026

राजनैतिक हस्तक्षेप पर रोक जरूरी

बस स्टॉप के आसपास अतिक्रमण रोकने के लिए पहले स्पष्ट सीमांकन किया जाना चाहिए और अवैध ठेले व दुकानों को हटाया जाना चाहिए। जो लोग नियमों का पालन नहीं करते, उन पर सख्त कार्रवाई हो। इस समस्या का बड़ा कारण राजनीतिक संरक्षण भी है, जिसे समाप्त करना आवश्यक है। स्थानीय निकायों को 'नो वेंडिंग जोन' के नियमों को कड़ाई से लागू करना चाहिए ताकि यात्रियों के बैठने और बस संचालन में कोई बाधा न आए। - अमृतलाल मारू, इंदौर

संयुक्त निगरानी और सख्त दंड व्यवस्था

बस स्टॉप पर अतिक्रमण रोकने के लिए पुलिस और प्रशासन को मिलकर नियमित निरीक्षण करना चाहिए। यात्रियों के लिए निर्धारित क्षेत्र को रेलिंग या बैरियर से सुरक्षित किया जाए, ताकि वहां अन्य वाहन खड़े न हो सकें। उल्लंघन करने वालों पर जुर्माना और वाहन जब्ती जैसी सख्त कार्रवाई हो। साथ ही सीसीटीवी कैमरे और 'नो पार्किंग' संकेतक बोर्ड लगाकर ई-चालान की व्यवस्था लागू की जाए। यात्रियों को भी निर्धारित स्थान पर ही खड़े होने के लिए जागरूक किया जाए। - प्रवेश भूतड़ा, सूरत

प्रशासन और जनता की साझा जिम्मेदारी

बस स्टॉप पर अतिक्रमण रोकना केवल प्रशासन का ही नहीं, बल्कि आम जनता का भी दायित्व है। नगर निगम, पुलिस और परिवहन विभाग को नियमित निरीक्षण करना चाहिए और अवैध दुकान, ठेला या पार्किंग करने वालों पर जुर्माना लगाना चाहिए। बार-बार उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जरूरी है। साथ ही पीली लाइन, बैरिकेडिंग और हेल्पलाइन या मोबाइल ऐप के माध्यम से शिकायत दर्ज करने की आसान व्यवस्था होनी चाहिए। - लहर सनाढ्य, उदयपुर

'मेरा बस स्टॉप, मेरा दायित्व' अभियान

बस स्टॉप पर अतिक्रमण रोकने के लिए 'नो एन्क्रोचमेंट जोन' के स्पष्ट साइनबोर्ड लगाए जाएं। यात्रियों के लिए बैठने की सुविधा और ग्रीन बैरियर विकसित किए जाएं। सीसीटीवी के माध्यम से निगरानी मजबूत हो। इसके साथ ही 'मेरा बस स्टॉप, मेरा दायित्व' जैसे अभियानों के जरिए स्थानीय नागरिकों और छात्रों को जोड़ा जाए। नियम तोड़ने वालों पर आर्थिक दंड के साथ सख्त दंडात्मक प्रावधान भी लागू किए जाएं। - आदित्य शेखर, इंदौर

दुकानदारों की जिम्मेदारी भी जरूरी

बस स्टॉप के आसपास अतिक्रमण रोकने में दुकानदारों की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्हें आपसी सहमति से अपनी सीमाएं तय करनी चाहिए ताकि राहगीरों और वाहनों को कोई परेशानी न हो। अक्सर भीड़ के कारण ठेले वाले अपनी जगह से आगे बढ़ जाते हैं, जिससे यात्रियों को कठिनाई होती है। यदि सभी दुकानदार नियमों का पालन करें, तो इस समस्या को काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकता है। - प्रियव्रत चारण, जोधपुर

सुनियोजित व्यवस्था और वैकल्पिक समाधान

बस स्टॉप क्षेत्र को स्पष्ट रूप से चिन्हित कर 'नो पार्किंग' और 'नो हॉकिंग जोन' घोषित किया जाए। अवैध ठेले, दुकानों और पार्किंग पर नियमित जुर्माना लगाया जाए। नगर निगम और पुलिस को समय-समय पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाना चाहिए। साथ ही रेहड़ी-पटरी वालों के लिए वैकल्पिक स्थान (हॉकर जोन) उपलब्ध कराना जरूरी है। सीसीटीवी निगरानी और जनजागरूकता से इस व्यवस्था को प्रभावी बनाया जा सकता है। - बिशना, चुरू

कानूनी उपाय और निगरानी व्यवस्था

बस स्टॉप सार्वजनिक स्थान हैं, जहां अतिक्रमण करना कानूनन अपराध है। ऐसे मामलों में पुलिस में शिकायत की जा सकती है। अतिक्रमण रोकने के लिए रेलिंग, बैरिकेडिंग और सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं। 'नो पार्किंग' और 'अतिक्रमण निषेध' बोर्ड भी जरूरी हैं। नगर निगम को नियमित निगरानी करनी चाहिए। यदि बस स्टॉप राष्ट्रीय राजमार्ग पर है, तो संबंधित प्राधिकरण से शिकायत की जा सकती है। आरटीआई के माध्यम से भी कार्रवाई सुनिश्चित कराई जा सकती है। - लता अग्रवाल, चित्तौड़गढ़

समन्वित प्रयास से ही समाधान संभव

बस स्टॉप पर अतिक्रमण रोकने के लिए नगर निगम, पुलिस और प्रशासन को मिलकर काम करना होगा। नियमित निगरानी, संयुक्त कार्रवाई, जुर्माना और दंड का सख्त प्रावधान जरूरी है। अतिक्रमण विरोधी अभियान, स्पष्ट सीमांकन और तारबंदी जैसे उपाय इस समस्या को कम करने में मदद कर सकते हैं। यदि इन कदमों को प्रभावी ढंग से लागू किया जाए, तो बस स्टॉप पर व्यवस्था बनाए रखना संभव है। - शिवजी लाल मीना, जयपुर

Published on:
30 Mar 2026 03:03 pm
Also Read
View All

अगली खबर