ओपिनियन

आपकी बात: ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए क्या कदम उठाए जाने चाहिए?

पाठकों ने इस विषय पर विविध प्रतिक्रियाएं व्यक्त की हैं। प्रस्तुत हैं उनकी कुछ चुनिंदा प्रतिक्रियाएं...

3 min read
Mar 15, 2026

धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों का विकास

ग्रामीण क्षेत्रों में मौजूद धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों को पर्यटन की दृष्टि से चिन्हित कर उनका सुनियोजित विकास किया जाना चाहिए। इन स्थानों तक बेहतर सड़क संपर्क, बिजली-पानी की उपलब्धता, धर्मशाला और भोजनालय जैसी सुविधाएं विकसित की जाएं। जब बुनियादी सुविधाएं सुलभ होंगी, तब पर्यटकों का रुझान स्वाभाविक रूप से इन स्थानों की ओर बढ़ेगा। इससे स्थानीय लोगों को रोजगार मिलेगा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी नया आधार मिलेगा। - ललित महालकरी, इंदौर

योजनाबद्ध प्रयासों से बढ़ेगा ग्रामीण पर्यटन

ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए सबसे पहले गांवों की धरोहर, कला और संस्कृति की पहचान कर उनका संरक्षण व पुनर्निर्माण आवश्यक है। इसके साथ ही गांवों तक बेहतर सड़क नेटवर्क, जल, बिजली और परिवहन जैसी सुविधाएं विकसित की जानी चाहिए। ग्राम पंचायतें पर्यटन विकास के लिए विशेष बजट की व्यवस्था करें और इंटरनेट के माध्यम से इन क्षेत्रों का प्रचार-प्रसार भी बढ़ाया जाए। सरकारी पर्यटन योजनाओं का लाभ लेकर इन प्रयासों को गति दी जा सकती है, जिससे रोजगार और स्थानीय बाजार का विस्तार संभव होगा। - तरुण कुमार, जैसलमेर

बुनियादी सुविधाओं पर हो विशेष ध्यान

ग्रामीण क्षेत्र अपने आप में पर्यटन का एक अनूठा स्वरूप प्रस्तुत करते हैं। आवश्यकता केवल इतनी है कि सरकार सड़क, चिकित्सा और शिक्षा जैसी बुनियादी सुविधाओं पर विशेष ध्यान दे। साथ ही गांवों की पुरानी संस्कृति और परंपराओं को सहेजकर नई पीढ़ी तक पहुंचाने के प्रयास किए जाएं। पंचायत स्तर पर एक विशेष संस्था का गठन कर ग्रामीण क्षेत्रों की विशेषताओं को पर्यटकों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा सकता है। इससे गांवों की पहचान भी मजबूत होगी और पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। - जितेश कुमार शर्मा, दूदू

होमस्टे और डिजिटल प्रचार की आवश्यकता

ग्रामीण पर्यटन को गति देने के लिए होमस्टे सुविधाओं का विस्तार किया जाना चाहिए, ताकि पर्यटक गांव के परिवेश को करीब से अनुभव कर सकें। साथ ही स्थानीय कला, संस्कृति और परंपराओं का प्रभावी प्रचार जरूरी है। सड़क, बिजली और इंटरनेट जैसे बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के साथ-साथ डिजिटल माध्यमों से ग्रामीण पर्यटन का प्रचार किया जाए। यदि ग्रामीण समुदाय को आतिथ्य सत्कार का प्रशिक्षण देकर स्वरोजगार से जोड़ा जाए और पर्यावरण-अनुकूल पर्यटन मॉडल अपनाए जाएं, तो यह क्षेत्र तेजी से विकसित हो सकता है। - हमीर लवारन, जोधपुर

संस्कृति और परंपराओं का संरक्षण जरूरी

ग्रामीण पर्यटन को प्रोत्साहित करने के लिए स्थानीय संस्कृति, हस्तशिल्प और पारंपरिक व्यंजनों का संरक्षण बेहद जरूरी है। गांवों में बेहतर सड़क, स्वच्छ आवास और अन्य बुनियादी सुविधाओं का विकास किया जाए। डिजिटल मार्केटिंग के माध्यम से इन क्षेत्रों का व्यापक प्रचार हो तथा होमस्टे नीतियों को प्रभावी रूप से लागू किया जाए। इससे पर्यटकों को सस्ता और सुविधाजनक आवास मिलने के साथ-साथ उन्हें स्थानीय जीवनशैली, भोजन और परंपराओं को करीब से जानने का अवसर मिलेगा, वहीं ग्रामीणों के लिए स्वरोजगार के नए रास्ते खुलेंगे। - अमृतलाल मारू, इंदौर

गांवों तक पहुंचे पर्यटन की नई धारा

ग्रामीण पर्यटन केवल यात्रा नहीं, बल्कि गांवों की संस्कृति, इतिहास और जीवनशैली को समझने का अवसर है। भारत के छोटे-छोटे गांव अपनी सांस्कृतिक विविधता, लोक कला, हस्तशिल्प और पारंपरिक उत्सवों के कारण पर्यटन के महत्वपूर्ण केंद्र बन सकते हैं। इसके लिए गांवों में पर्यटकों के ठहरने और आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था करनी होगी। यदि पर्यटन को शहरों और प्रसिद्ध स्थलों तक सीमित न रखकर गांवों तक पहुंचाया जाए, तो इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत होगी और लोग प्रकृति तथा ग्रामीण जीवन से सीधे जुड़ सकेंगे। - डॉ. राजेन्द्र कुमावत, जयपुर

ग्रामीण विशेषताओं की ब्रांडिंग जरूरी

ग्रामीण पर्यटन के विकास के लिए गांवों के ऐतिहासिक स्थल, प्रमुख व्यक्तित्व, प्राकृतिक आकर्षण, वन्यजीव, स्थानीय उपज और खान-पान की पहचान कर उनकी ब्रांडिंग की जानी चाहिए। ग्राम पंचायत और उद्योग विभाग मिलकर इन विशेषताओं का प्रचार-प्रसार करें। होमस्टे सुविधाओं को बढ़ावा दिया जाए ताकि पर्यटक ग्रामीण घरों में ठहरकर स्थानीय जीवन का अनुभव कर सकें। साथ ही इन पहलों के लिए ग्रामीणों को ऋण उपलब्ध कराया जाए और समय-समय पर उनकी निगरानी भी की जाए, जिससे पर्यटन गतिविधियां सुचारु रूप से आगे बढ़ सकें। - दिनेश मेघवाल, उदयपुर

ग्रामीण जीवन का अनुभव बन सकता है आकर्षण

ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए गांवों की जीवनशैली को ही आकर्षण के रूप में प्रस्तुत किया जा सकता है। पंच-सरपंचों के सहयोग से ऐसे कार्यक्रम बनाए जाएं, जिनमें पर्यटक झोपड़ी में ठहरें और चूल्हे पर बने पारंपरिक भोजन का स्वाद लें। इस तरह के अनुभवात्मक पर्यटन का प्रचार-प्रसार किया जाए। इससे पर्यटकों को ग्रामीण संस्कृति को करीब से देखने का अवसर मिलेगा और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर भी उत्पन्न होंगे। - गोपाल दास बंसल

Updated on:
15 Mar 2026 02:46 pm
Published on:
15 Mar 2026 02:44 pm
Also Read
View All

अगली खबर