पाकिस्तान

पाकिस्तान उप चुनाव में नवाज की पत्नी कुलसूम की जबरदस्त जीत, बताया जनता का फैसला

28 जुलाई को सुप्रीम कोर्ट द्वारा अयोग्य करार दिए जाने के बाद नवाज शरीफ की नेशनल एसेंबली की मेंबरशिप चली गई थी।

2 min read

नई दिल्ली। पनामा लीक मामले में बर्खास्त पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ की बीमार पत्नी बेगम कुलसूम नवाज को लाहौर उपचुनाव जबरदस्त जीत हासिल हुई है। जानकारी के अनुसार कुलसुम को 59,413 वोट मिले हैं, जबकि उनकी प्रतिद्वंदी यास्मीन राशिद को 46,145 वोट मिले हैं। हालांकि अभी तक चुनाव परिणाम की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। बता दें कि 28 जुलाई को सुप्रीम कोर्ट द्वारा अयोग्य करार दिए जाने के बाद नवाज शरीफ की नेशनल एसेंबली की मेंबरशिप चली गई थी, जिसके चलते उन्हे पीएम पद से इस्तीफा देना पड़ा था।

विपक्षियों पर साधा निशाना

बता दें कि पाकिस्तान में सरकार का तख्तापलट होने के बाद यह सीट नवाज परिवार के लिए प्रतिष्ठा का सवाल बनी हुई थी। इस चुनाव में पाकिस्तान मुस्लिम लीम-नवाज की उम्मीदवार कुलसूम नवाज ने पूर्व क्रिकेटर इमरान खान की पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ पार्टी के प्रत्याशी यास्मीन राशिद को करारी शिकस्त दी। हालांकि साल 2013 के मुलाबले इस बार मतदान प्रतिशत काफी कम रहा है। वहीं लाहौर की एनए-120 सीट पर विजय हासिल करने के बाद नवाज शरीफ की बेटी मरियम नवाज काफी उत्साह में दिखाई पड़ी, जिसके बाद उन्होंने समर्थकों को संबोधित करते हुए सर्वोच्च न्यायालय और विपक्षी दलों पर जमकर निशाना साधा। मरियम ने कहा कि जनता की अदालत ने सर्वोच्च न्यायालय फैसले को खारिज कर दिया है। उन्होंने कहा कि जनता की आवाज ऊपर वाले की आवाज होती है।

कैंसर से पीडि़त है कुलसुम

बता दें कि लाहौर की एनए-120 सीट को नवाज परिवार का पारंपरिक गढ़ माना जाता है। जानकारी के मुताबिक इस चुनाव में कुल 44 उम्मीदवार चुनाव मैदान में उतरे थे, वहीं मतदान के लिए 220 मतदाता केंद्र बनाए गए थे। नवाज शरीफ की बेटी ने अपने समर्थकों को संबोधित करते हुए कहा कि ये 60 हजार वोट 60 लाख वोटों के बराबर है।
बता दें कि नवाज शरीफ की बेगम कुलसुम का लंदन में कैंसर का इलाज चल रहा है। उनकी गैर मौजूदगी में बेटी मरियम नवाज ने अपनी मां के चुनाव अभियान को संभाला था। वहीं पाकिस्तान के पूर्व पीएम नवाज शरीफ भी अपनी पत्नी के साथ लंदन में ही हैं।

ये भी पढ़ें

दमिश्क में आत्मघाती विस्फोट में आठ की मौत, 20 घायल
Updated on:
19 Sept 2017 08:34 am
Published on:
18 Sept 2017 09:40 am
Also Read
View All