पाकिस्तान ने 360 भारतीय कैदियों को रिहा करने का लिया फैसला। सभी कैदियों को चार चरणों में किया जाएगा रिहा। भारत की जेलों में भी 347 पाकिस्तानी कैदी बंद है।
इस्लामाबाद। भारत और पाकिस्तान के बीच मौजूदा समय में तनावपूर्ण माहौल के बीच इमरान खान सरकार ने एक बड़ा फैसला लिया है। इस फैसले से संभवतः भारत और पाकिस्तान के बीच कुछ मुद्दों पर बातचीत के लिए रास्ता साफ हो सकता है। दरअसल शुक्रवार को पाकिस्तान ने मानवीय आधार पर 360 भारतीय कैदियों को रिहा करने का फैसला लिया है। पाकिस्तान सभी कैदियों को तीन चरणों में रिहा करेगा। ये सभी कैदी अपनी सजा काट चुके हैं। इस संबंध में पाकिस्तान विदेश विभाग के प्रवक्ता डॉ. मोहम्मद फैजल ने बताया कि पाक की जेलों में 537 भारतीय कैदी सजा काट रहे हैं, इसमें से 483 मछुआरे हैं। इन सभी को सोमवार से रिहा किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि भारत में 347 पाकिस्तानी कैदी हैं, उम्मीद है कि भारत जल्द से जल्द सभी को रिहा करेगा।
कई चरणों में रिहा होंगे भारतीय कैदी
पाकिस्तान विदेश विभाग के प्रवक्ता डॉ. मोहम्मद फैजल ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि पाकिस्तान सरकार तीन चरणों में 360 भारतीय कैदियों को रिहा करेगा। अगले सोमवार (8 अप्रैल) को पहले चरण में 100 मछुआरों को रिहा किया जाएगा। इसके बाद दूसरे चरण में 15 अप्रैल को 100 मछुआरों को छोड़ा जाएगा। इसके बाद तीसरे चरण में 22 अप्रैल को 100 मछुआरों को रिहा किया जाएगा और फिर अंतिम चरण में पांच मछुआरों समेत 60 भारतीय नागरिकों को 29 अप्रैल को छोड़ा जाएगा। फैजल ने उम्मीद जताई की भारत भी पाकिस्तानी कैदियों को बहुत जल्द रिहा करेगा। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान ने यह फैसला मानवीय आधार पर लिया है ताकि दोनों देशों के बीच शांति और सौहार्द बना रहे।
विश्व से जुड़ी Hindi News के अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर Like करें, Follow करें Twitter पर ..