
Suicide Case in Rohat of Pali Rajasthan : पाली जिले के रोहट थाना क्षेत्र में एक नाबालिग से छेड़छाड कर उसे घर से उठाकर ले जाने की धमकी से आहत एक पिता ने आत्महत्या कर ली। मृतक की पुत्री की रिपोर्ट पर पुलिस ने छेड़छाड़, पोक्सो एक्ट, जान से मारने की धमकी देकर आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया है। पुलिस ने मृतक का शव मेडिकल बोर्ड से पाेस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंपा।
पुलिस ने बताया कि मृतक की नाबालिग पुत्री ने रिपोर्ट दी कि गांव में उसके माता-पिता चाय की केबिन चलाते हैं। कई बार वह भी सहयोग करती है। गांव के विक्रम सिंह पुत्र शम्भूसिंह एवं नेनाराम पुत्र समाराम सरगरा दोनों चाय की केबिन पर आते-जाते रहते हैं। करीब तीन माह पहले विक्रम सिंह व नेनाराम सरगरा दोनों ने उस पर दोस्ती करने का दबाव बनाया। ऐसा नहीं करने पर उठाकर ले जाने तथा चाय के केबिन को चलने नहीं देने की धमकी देते हुए उससे छेड़छाड़ करने लगे। दोनों आरोपी आए दिन उससे अश्लील हरकत करते और धमकी देते कि किसी को बताया तो उसे व उसके पिता को जान से मार देंगे। बाद में उसने अपने पिता को पूरी बात बताई तो उन्होंने विक्रम सिंह व नेनाराम के घर जाकर उसके परिजनों को उलाहना दिया। इससे नाराज दोनों आरोपी पिछले तीन सप्ताह से उसके पिता को परेशान कर रहे थे।
28 जून को घर आकर धमकी दी और दबाब डाला कि उसकी बेटी का संबंध उससे कराओ नहीं तो उसे व उसकी बेटी को उठाकर ले जाएंगे। इससे तनाव में आकर 29 जून को उसके पिता ने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने मृतक की पुत्री की रिपोर्ट पर पोक्सो एक्ट, छेड़छाड़, जान से मारने की धमकी एवं आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर लिया।