2 नवंबर 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Rajasthan: सरपंच चुनाव हारे युवा प्रत्याशी की मौत, मंदिर के पीछे मिली लाश, सिर पर चोट के निशान

पाली जिले के बिरोलिया गांव में सरपंच चुनाव हारे 30 वर्षीय प्रत्याशी तलसाराम मेघवाल का शव मंदिर के पीछे मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। वह रविवार रात दुकान जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। मृतक के सिर पर चोट के निशान मिले हैं।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

पाली

•

image

Kamal Mishra

•

Updated: 2 Nov 2026, 7:34 PM IST

pali murder

Pali: घटनास्थल पर जांच करती पुलिस (फोटो-पत्रिका)

पाली। जिले के फालना थाना क्षेत्र में सरपंच चुनाव हारे युवा प्रत्याशी की संदिग्ध मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। सोमवार सुबह बेडल ग्राम पंचायत के बिरोलिया गांव में उसका शव मंदिर के पीछे पड़ा मिला। मृतक के सिर पर चोट के निशान हैं। ऐसे में परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। सूचना पर पहुंची पुलिस और एफएसएल टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल मौत के कारणों का खुलासा नहीं हुआ है।

मृतक की पहचान बिरोलिया गांव निवासी तलसाराम मेघवाल (30) के रूप में हुई है। उसने 30 अक्टूबर को हुए पंचायत चुनाव में बेडल ग्राम पंचायत से सरपंच पद के लिए चुनाव लड़ा था। चुनाव में उसे 113 वोट मिले थे। चुनाव परिणाम के कुछ दिन बाद ही उसकी संदिग्ध मौत से गांव में चर्चा और शोक का माहौल है।

दुकान जाने की बात कहकर घर से निकला था

परिजनों के अनुसार, तलसाराम रविवार रात घर से दुकान जाने की बात कहकर निकला था। उसने परिवार के लोगों से कहा था कि वह लौटकर खाना खाएगा। लेकिन देर रात तक वापस नहीं पहुंचा। परिजनों को लगा कि वह किसी काम से बाहर होगा, लेकिन सुबह तक उसका कोई पता नहीं चला।

मंदिर में पूजा करने पहुंचे थे पिता, बेटे की मिली लाश

सोमवार सुबह करीब 8 बजे तलसाराम के पिता भीमाराम रामदेवजी मंदिर में पूजा करने पहुंचे। इसी दौरान उन्हें मंदिर के पीछे एक युवक का शव पड़े होने की जानकारी मिली। मौके पर जाकर देखा तो शव उनके बेटे तलसाराम का था। बेटे का शव देखकर परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। सूचना फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण भी घटनास्थल पर पहुंच गए।

मंदिर की छत पर मिला मोबाइल, सिर पर चोट के निशान

घटनास्थल पर तलसाराम का मोबाइल मंदिर की छत पर पड़ा मिला। वहीं मृतक के सिर पर चोट के निशान मिलने से मामले ने संदिग्ध रूप ले लिया। सूचना पर फालना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। एफएसएल टीम को भी बुलाया गया, जिसने मौके से साक्ष्य जुटाए। फालना थानाधिकारी पन्नालाल के अनुसार, युवक के सिर पर चोट के निशान मिले हैं। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। अभी तक परिजनों की ओर से इस संबंध में मामला दर्ज नहीं कराया गया है।

माता-पिता के साथ रहता था तलसाराम, तीन बच्चे

तलसाराम अपने माता-पिता के साथ रहता था। उसके परिवार में पत्नी और तीन बच्चे (दो बेटे और एक बेटी) हैं। सरपंच चुनाव में किस्मत आजमाने के बाद उसकी इस तरह मौत होने से परिवार सदमे में है। फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि तलसाराम की मौत हादसा है या इसके पीछे कोई आपराधिक घटना है।

यह वीडियो भी देखें :