
40 साल पुराने मकान पर बुलडोजर एक्शन
पाली. शहर के औद्योगिक नगर थाना क्षेत्र के सरदार पटेल नगर में मंगलवार सुबह प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की। यहां सड़क पर बने करीब 40 साल पुराने दो मंजिला मकान को बुलडोजर चलाकर तोड़ दिया गया। दरअसल, कारोबारी सुशील डागा पर धारदार हथियारों से जानलेवा हमला होने के बाद यह मामला फिर चर्चा में आया था। इसके बाद पुलिस और प्रशासन पर कार्रवाई का दबाव बढ़ा था। मंगलवार सुबह न्यायालय के आदेश की पालना करते हुए प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की। सुबह-सुबह हुई इस कार्रवाई से इलाके में हलचल मच गई।
दरअसल, 27 अक्टूबर को 43 वर्षीय कारोबारी सुशील डागा फैक्ट्री से स्कूटी पर घर लौट रहे थे। इसी दौरान हर्षित मेवाड़ा सहित कुछ लोगों ने उन पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि सुशील डागा ने सड़क पर हुए अतिक्रमण को लेकर कोर्ट में मामला दर्ज कराया था। इसी विवाद को हमले की वजह बताया जा रहा है।
हमले के अगले दिन यानी 28 अक्टूबर को जैन समाज की संस्था श्रीसंघ सभा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में समाज के लोग जिला कलक्टर डॉ. रविंद्र भारद्वाज और एसपी मोनिका सेन से मिले थे। उन्होंने कोर्ट के आदेश की पालना करवाते हुए अतिक्रमण हटाने की मांग की थी। इसके बाद पुलिस और प्रशासन ने मामले में सक्रियता दिखाई। मंगलवार सुबह प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और करीब 40 साल पुराने मकान को हटाने की कार्रवाई की।
मंगलवार सुबह करीब 5 बजे प्रशासन और नगर निगम की टीम मौके पर पहुंच गई। सबसे पहले पुलिस ने मकान में रह रहे लोगों को बाहर निकाला। इसके बाद नगर निगम की टीम ने घर में रखा सामान भी बाहर निकलवाया। सुबह करीब 7:54 बजे बुलडोजर चलाकर मकान तोड़ने की कार्रवाई शुरू की गई।
इस दौरान मौके पर पुलिस और नगर निगम का भारी जाब्ता तैनात रहा। कार्रवाई की निगरानी के लिए उपखंड अधिकारी पाली विमलेंद्र सिंह राणावत, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ओमप्रकाश चौधरी, सीओ सिटी मंगलेश चुंडावत और नगर निगम आयुक्त देवीलाल भी मौजूद रहे। सुरक्षा को देखते हुए मकान के दोनों तरफ के रास्ते बंद कर दिए गए थे, ताकि कार्रवाई के दौरान कोई परेशानी न हो।
सुशील डागा पर हुए जानलेवा हमले के बाद अतिक्रमण का यह मामला शहर में चर्चा का विषय बन गया था। जैन समाज की ओर से जिला प्रशासन के समक्ष मामला उठाने और न्यायालय के आदेश की पालना की मांग के बाद अब प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को अंजाम दिया।
Updated on:
3 Nov 2026, 11:04 AM IST
Published on:
3 Nov 2026, 10:57 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.