बूथ स्तर तक मजबूती के लिए की जा रही कवायद भाजपा की जिला स्तरीय कार्यशाला में किया मंथन
पाली. भारतीय जनता पार्टी पाली सशक्त मंडल अभियान सक्रिय बूथ समिति, पन्ना प्रमुख की नियुक्ति के लिए बुधवार को किसान केसरी भवन में जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसमें कार्यक्रम प्रभारी नारायणसिंह देवल ने कहा कि भाजपा नियुक्ति अभियान को सुचारू रूप से चलाने के लिए प्रथम चरण में सशक्त मंडल अभियान अगस्त तक पूरा करने तथा द्वितीय चरण में सक्रिय बूथ समिति अभियान नवम्बर तक पूरा करना है। अंतिम चरण में पन्ना प्रमुख नियुक्ति अभियान फरवरी 2022 तक पूरा करने का लक्ष्य है।
इसके तहत एक मंडल में लगभग 50 बूथ होंगे। प्रत्येक बूथ पर पन्ना प्रमुख नियुक्त किए जाएंगे। इसमें नगर पालिका को भी एक मंडल माना गया है। निगम नगर परिषद बूथों का एक मंडल होगा। ग्राम पंचायत में एक शक्ति केंद्र में पांच से सात बूथ होंगे। बूथ की मंडल कार्यकारिणी तथा सभी बूथ की कार्यकारिणी बनानी होगी। सभी मोर्चा की मंडल कार्यकारिणी गठन मोर्चा संरचना योजना के अनुसार किया जाएगा। शक्ति केंद्र संयोजक शक्ति के अंदर का निवासी होगा। शक्ति केंद्र संयोजक की उम्र 45 वर्ष से अधिक नहीं होगी।
इस समय तक पूरा करना होगा अभियान
इस पर सशक्त मंडल अभियान 30 अगस्त तक, सक्रिय बूथ समिति अभियान 15 से 30 नवंबर तक तथा पन्ना प्रमुख भौतिक सत्यापन अभियान फरवरी 2022 तक पूरा करने का निर्देश दिए गए। पार्टी की ओर से प्रशिक्षण कार्यशाला की जाएगी। जिलाध्यक्ष मंसाराम परमार ने कार्यक्रम समय पर पूरे करने को कहा। सांसद पीपी चौधरी, पुष्प जैन, विधायक ज्ञानचंद पारख, केसाराम चौधरी ने संबोधित किया। जिला प्रवक्ता तिलोकराम चौधरी ने बताया कि कार्यशाला में पाली नगर परिषद सभापति रेखा राकेश भाटी, सोजत नगर पालिका सभापति मंजू जुगल निकुंभ, पुखराज पटेल, मारवाड़ प्रधान प्रधान मंगलाराम देवासी, जिला महामंत्री सुनील भंडारी, मोहन जाट, घीसूलाल मेघवाल, जिला उपाध्यक्ष सुरेश चौधरी, नारायण कुमावत महावीर सिंह टेवाली, प्यारी देवी, लक्ष्मी सीरवी आदि मौजूद थे।