जयपुर

भामाशाहों की नगरी में ‘तीसरी आंख’ का प्रोजेक्ट अधूरा

जनसहयोग से लगवाने थे सीसीटीवी कैमरे
2 min read
• •
Updated: 21 Apr 2017, 11:48 AM IST
Feature image

पाली

शहर की सुरक्षा के लिए प्रमुख चौराहों पर भामाशाहों के सहयोग से सीसीटीवी कैमरे लगाने का प्रोजेक्ट करीब एक वर्ष बाद भी अधूरा पड़ा है। जिम्मेदार अधिकारी व कमेटी के सदस्यों की उदासीनता के चलते दो चरणों के प्रोजेक्ट में पहले चरण का काम भी पूरा नहीं हो पाया है।

दरअसल, पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में भामाशाहों के सहयोग से प्रमुख चौराहों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने का प्रोजेक्ट जुलाई २०१७ में तैयार किया गया था। इस सम्बन्ध में हुई बैठक में शहर के कई भामाशाहों ने सर्किल गोद लेकर वहां सीसीटीवी कैमरे लगाने की स्वीकृति दी थी।

इसके परिणाम भी दिखे और भामाशाहों के सहयोग से शहरी क्षेत्र के करीब सात सर्किल पर अच्छी गुणवत्ता के सीसीटीवी कैमरे भी लगे और कोतवाली में बेस स्टेशन भी बना। लेकिन, उसके बाद इस प्रोजेक्ट की रफ्तार मंद हो गई। एेसे में कुछ सर्किलों पर अभी भी कैमरे लगने शेष है।

यहां कैमरे सिर्फ दिखावे के लिए

हाउसिंग बोर्ड साई बाबा मंदिर के निकट चौराहे पर सीसीटीवी कैमरे तो लगवाए हुई कई माह बीत चुके हैं, लेकिन बजट के अभाव में डाटा सुरक्षित रखने के लिए अभी तक डिवाइस नहीं लगाई गई। ऐसे में वारदात करने के बाद इन कैमरों के आगे से कोई निकलता भी है तो उसका वीडियो देखने की यहां कोई व्यवस्था नहीं है।

इन चौराहों पर अब भी कैमरों का अभाव

शहर के सुभाष सर्किल, बांगड़ कॉलेज तिराहा, ट्रांसपोर्ट नगर, नहर पुलिया चौराहा, टैगोर नगर के बाहर, मंडिया रोड तेरापंथ सभा भवन के बाहर भी सीसीटीवी कैमरे लग जाए तो अपराधियों को पकडऩे में पुलिस को मदद मिलेगी। वही सीसीटीवी कैमरे में कैद होने के डर से लोग अपराध करने से भी डरेंगे।

वारदातें खोलने में निभाई अहम भूमिका

शहर के नया बस स्टैंड, मस्तान बाबा, बांगड़ स्कूल तिराहा, पुराना बस स्टैंड, सूरजपोल, अम्बेडकर सर्किल, मंथन तिराहे के बाहर सीसीटीवी कैमरे भामाशाहों तथा पोल नगर परिषद के सहयोग से लगाए गए। इन कैमरों की मदद से पाली पुलिस को कई बड़ी वारदातें खोलने में सफलता मिली। कुछ माह पूर्व पुरानी सब्जी मंडी क्षेत्र में एक महिला को ठग कर सोने के गहने लेकर फरार होने वाले बदमाश भी सीसीटीवी कैमरों की मदद से पकड़े गए।

फिर करेंगे बैठक

जिन चौराहों पर सीसीटीवी कैमरे अभी तक नहीं लग सके। वहां कार्य शुरू करवाने को लेकर भामाशाहों के साथ जल्द ही बैठक करेंगे। इसमें उन्हें शेष कार्य पूर्ण करवाने को लेकर प्रोत्साहित करेंगे।

दीपक भार्गव, पुलिस अधीक्षक, पाली

करवाएंगे कार्य पूर्ण

शहर में जिन सर्किल व प्रमुख मार्गों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने की भामाशाहों ने जिम्मेदारी ली। उनकी जल्द ही बैठक लेंगे तथा उन्हें कैमरे

लगाने के लिए प्रोत्साहित करेंगे।

महेन्द्र बोहरा, सभापति नगर परिषद, पाली

Published on: