पाली

कांस्टेबल ने थाने में खुद को मारी गोली, पत्नी भी पुलिस में, स्टेटस पर लिखा : आज हम है, कल हमारी यादे रहेगी…

पाली के औद्योगिक थाने में देर रात की है घटना, मृतक कांस्टेबल की पत्नी और साले के खिलाफ मामला दर्ज

2 min read
Jun 12, 2024
कांस्टेबल भरत।

Police ConstableSuicide : पाली। पत्नी से विवाद के चलते औद्योगिक थाने के एक कांस्टेबल ने नाइट ड्यूटी के दौरान थाने में खुद को गोली मार दी। देर रात करीब दो बजे उसके अन्य साथियों को धमाके की आवाज आई तो वे कमरे में दौड़े, वहां साथी कांस्टेबल खून से लथपथ हालत में पड़ा था और सिर बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो चुका था। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया कि घटना का कारण पारिवारिक विवाद है। कांस्टेबल की अपनी पत्नी से अनबन चल रही थी। आए दिन दोनों के बीच झगड़ा हुआ करता था। दोनों अलग-अलग रह रहे थे। आत्महत्या से पहले कांस्टेबल ने अपने मोबाइल पर स्टेटस भी लगाया था। उसने लिखा था कि आज हम हैं, कल हमारी यादें रहेगी।

औद्योगिक क्षेत्र थाना प्रभारी पाना चौधरी ने बताया कि पाली जिले के ​शिवपुरा थाना क्षेत्र के नापावास गांव निवासी भरत चौधरी [27] पुत्र हीरालाल चौधरी की रात में थाने में ड्यूटी थी। उसके पास खुद की राइफल रखी थी। अचानक फायरिंग की आवाज सुनी तो अन्य स्टाफ कमरे में पहुंचा। जहां भरत अचेत हालत में पड़ा था। उसने राइफल को अपने गले पर रखकर गोली चलाई थी। गोली सिर से निकल कर कमरे की छत में जा लगी। उन्होंने बताया कि जब वह ड्यूटी पर आया तो मालखाने से राइफल निकाली थी। घटना के बाद पुलिस अधीक्षक चूनाराम जाट व अन्य अ​धिकारी भी थाने पहुंचे। इसके बाद शव को बांगड़ अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। घटना की जानकारी मिलने पर बड़ी संख्या में मृतक के परिजन व समाज के लोग जमा हो गए।

आत्महत्या से पहले लगाया स्टेटस

आत्महत्या से पहले भरत ने वॉट्सऐप पर अपनी फोटो के साथ स्टेटस भी लगाया था। इसमें लिखा था। आज हम हैं, कम हमारी यादें रहेगी, जब हम ना होंगे तब हमारी बातें होंगी...। भरत अपने गांव नापावास में ही नया मकान भी बन रहे थे। ये भी सामने आया है कि आत्महत्या से पहले भरत ने अपने घर के खर्चे का हिसाब भी अपने भाई को भेजा था। इसके अलावा अपने मोबाइल के पासवर्ड भी भाई को बता दिए थे। थाना अधिकारी चौधरी ने बताया कि भरत 2015 बैच का कांस्टेबल था। उसकी पत्नी​ पिंकू भी कांस्टेबल है, जो अभी पाली के ही महिला थाने में तैनात है।

भाई ने कहा: पत्नी ने कॉल कर परेशान किया

भरत के बड़े भाई सुखदेव ने कहा कि दोनों की शादी करीब 10 साल पहले हुई थी। भरत की एक 8 साल की बच्ची भी है। बेटी के जन्म के बाद दोनों के बीच विवाद बढ़ने लगा। इसके बाद दोनों अलग-अलग रहने लगे। दोनों के बीच चल रहे मनमुटाव को दूर करने के लिए तीन बार समाज की पंचायत भी हुई। समाज और परिवार के लोगों ने मिलकर समझाया भी लेकिन, बात नहीं बनी। भरत की पत्नी पिंकू बार-बार कॉल कर उसे परेशान करती थी। मंगलवार को भी उसने वॉट्सऐप कॉल कर रुपए और गहनों की डिमांड की थी। भरत की बेटी पिंकू के पास ही रह रही है।

पत्नी और साले के खिलाफ मामला दर्ज

घटना के बाद मृतक भरत के भाई सुखदेव ने औद्योगिक थाने में भरत की पत्नी पिंकू चौधरी और उसके साले मनु चौधरी के खिलाफ मानसिक रूप से परेशान करने और आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज करवाया है। मृतक के परिजन व समाज के लोग बांगड़असपताल की मोर्चरी के बाहर बैठे हुए हैं। उन्होंने शव लेने से इनकार कर दिया है। पिंकू चौधरी को सस्पेंड करने की मांग कर रहे हैं।

Published on:
12 Jun 2024 04:26 pm
Also Read
View All

अगली खबर