
पाली। दाती मदन को पेश होने के लिए दिल्ली क्राइम ब्रांच ने दो दिन की मोहलत दी है। क्राइम ब्रांच से नोटिस मिलने के बाद दाती मदन ने अपने वकील के माध्यम से पत्र भेजकर क्राइम ब्रांच से कुछ दिन का समय देने की गुहार लगाई, इस पर ब्रांच ने उसे बुधवार तक का समय दिया है।
बालिकाएं गायब होने की जांच शुरू
इधर, सोजत रोड के निकट आलावास स्थित दाती के आश्वासन गुरुकुल पर स्थानीय बाल अधिकारिता विभाग जयपुर, स्थानीय प्रशासन, बाल कल्याण समिति व सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की टीमें पहुंची। उन्होंने गुरुकुल के रजिस्ट्रेशन के नवीनीकरण नहीं होने व गुरुकुल से छह सौ बालिकाएं गायब होने की जांच शुरू की।
दाती मदन के खिलाफ उसकी शिष्या ने ही दिल्ली के फतेहपुर बेरी थाने में दुष्कर्म का मामला दर्ज करवाया था। जांच कर रही क्राइम ब्रांच ने दाती को सोमवार तक पेश होने का नोटिस जारी किया, लेकिन दाती शाम तक पेश नहीं हुआ। उसने दोपहर में दिल्ली क्राइम ब्रांच के पास अपने वकील को भेजा और प्रार्थना पत्र पेश करवाया कि उसे कुछ दिन का समय दिया जाए। इस पर ब्रांच की ओर से दो दिन का समय दिया गया।
शाम तक गुरुकुल में जांच जारी
सुबह आश्वासन गुरुकुल पर स्थानीय प्रशासन, बाल कल्याण समिति व सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की टीमें पहुंची। उन्होंने सभी कागजात की जांच की और गुरुकुल का जायजा लिया। यह कार्रवाई शाम तक जारी थी।
इस कार्रवाई के बाद टीमें क्या निर्णय करेगी, यह साफ नहीं हो पाया है। एक दिन पहले दाती ने पत्रिका को कॉल कर कहा था कि वह अपने बचाव के लिए सबूत जुटा रहा है। इसके लिए उसे समय चाहिए।