पाली शहर के 72 फीट बालाजी के निकट की है घटना
Road Accident in pali : पाली शहर के 72 फीट बालाजी के निकट सोमवार शाम बेटी को परीक्षा दिलवाकर लौट रहे एक पिता की गाय का सींग सीने में घुसने से मौत हो गई। पिता और बेटी दोनों बाइक से लौट रहे थे। इस दौरान अचानक सड़क पर गाय आ गई और बाइक से टकरा गई। बांगड़ अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद मंगलवार को शव परिजनों को सौंपा गया। हादसे के बाद बेटी का रो-रोकर बुरा हाल है।
ट्रांसपोर्ट नगर थाना पुलिस ने बताया कि पाली के नया गांव इंद्र विहार निवासी सुरेश (43) पुत्र मांगीलाल सरगरा अपनी बेटी टीना को बीएसटीसी की परीक्षा दिलवाने बाइक से जैतारण ले गए थे। सोमवार देर शाम बेटी के साथ वापस पाली आ रहे थे। इस दौरान 72 फीट बालाजी मंदिर के पास हाइवे पर अचानक उनकी बाइक के सामने गाय आ गई।
गाय सीधे बाइक से टकराकर सुरेश सरगरा से टकरा गई और सींग उनके सीने में घुस गया। उन्हें बांगड़ अस्पताल लाया गया। जहां पर जांच के बाद चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक सुरेश टैक्सी चलाता था। बेटी टीना और अपनी मां के साथ वे इंद्र विहार में रहते थे। उनका सपना था कि बेटी टीचर बने।