पाली

पाली का बढ़ाया मान, डॉ. संगीता आर्य राजस्थान लोक सेवा आयोग की सदस्य मनोनीत

- मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने दिया पाली जिले को तोहफा

2 min read
Oct 15, 2020
पाली का बढ़ाया मान, डॉ. संगीता आर्य राजस्थान लोक सेवा आयोग की सदस्य मनोनीत

पाली। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कांग्रेस की ‘बंजर जमीन’ पाली का मान बढ़ाया है। पिछले सात साल से राजनीतिक जमीन तलाश रही प्रदेश कांग्रेस कमेटी की सदस्य डॉ. संगीता आर्य को राजस्थान लोक सेवा आयोग का सदस्य बनाकर पाली जिले को तोहफा दिया है। राज्य सरकार ने बुधवार को राजस्थान लोक सेवा के अध्यक्ष और चार सदस्यों का मनोनयन किया है, इसमें पाली की डॉ. आर्य को भी पुरस्कृत किया है।

प्रदेश की सरकार में वित्त सचिव डॉ. निरंजन आर्य की पत्नी डॉ. संगीता को राज्य सरकार ने यह मौका देकर पाली का राजनीतिक कद भी बढ़ाया है। जिले में कांग्रेस का एक भी विधायक नहीं होने के कारण मौजूद सरकार में कांग्रेस को कोई प्रतिनिधित्व नहीं है। आर्य के मनोनयन से पाली में कांग्रेस कार्यकर्ताओं भी मनोबल बढ़ा है। राज्य सरकार की घोषणा के बाद आर्य को बधाई देने वालों का दिनभर तांता लगा रहा। मूलत: रास निवासी आर्य पिछले काफी समय से जयपुर में निवास कर रहे हैं।

2013 में सोजत से हारीं थीं चुनाव
डॉ. आर्य ने वर्ष 2013 में राजनीति में पहली बार कदम रखा। कांग्रेस ने उन्हें सोजत विधानसभा से चुनाव लड़ाया था। हालांकि, वे उस वक्त की भाजपा प्रत्याशी संजना आगरी के सामने चुनाव हार गई थीं। 2018 में भी आर्य ने यहां टिकट मांगा था। इस बार पार्टी ने कांग्रेस नेता शोभा सोलंकी को मैदान में उतार दिया था।

ये प्रमुख वजह जिससे मिला मौका
-पति निरंजन आर्य प्रदेश के वित्त सचिव, मुख्यमंत्री के पसंदीदा आइएएस अफसर।
-एससी वर्ग की महिला को मौका, एससी वर्ग में सरकार की पैठ बरकरार रखने की कोशिश।
-शिक्षित और योग्य महिला को प्रतिनिधित्व देकर योग्यता के पैमाने पर आरपीएससी की साख बनाई।
-कांग्रेस नेता को मौका देकर पार्टी कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाया।

प्रोफाइल
संगीता आर्य
पति- निरंजन आर्य, आइएएस
पिता-कैलाश पंवार
जन्म तिथि-13 अप्रेल 1967
योग्यता-एमए दर्शनशास्त्र (दिल्ली विश्वविद्यालय), एमए संगीत, राजस्थान विश्वविद्यालय
असिस्टेंट प्रोफेसर, राजस्थान संगीत संस्थान
राजनीतिक कॅरियर - 2013 में सोजत विधानसभा से कांग्रेस प्रत्याशी, वर्तमान में प्रदेश कांग्रेस कमेटी की सदस्य

Published on:
15 Oct 2020 08:40 am
Also Read
View All