
पाली जिले के जैतारण शहर के आगेवा मार्ग पर स्थित रामनगर कॉलाेनी के एक मकान में बने गोदाम में मंगलवार सुबह रसोई गैस के दो सिलेण्डर में विस्फोट से आग लग गई, जिससे पिता-पुत्र झुलस गए। दमकल की सहायता से आग पर काबू पाया गया। इधर, जानकारी मिलने पर नगरपालिका अध्यक्ष रामस्वरूप भाटी सहित आसपास के लोग पहुंचे।
पुलिस के अनुसार रामनगर निवासी सत्यनारायण पुत्र रूपाराम माली के मकान में बने गोदाम में रसोई गैस के दो सिलेण्डर में विस्फोट होने से आग लग गई। वही गोदाम का शटर भी टूट कर बिखर गया तथा घरेलू सामान भी जल गया। घटना में सत्यानारायण माली व उनका पुत्र भरत माली झुलस गया। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां से भरत को जोधपुर रेफर किया गया। इधर, विस्फोट की आवाज सुनकर लोग सहम गए। सूचना पर जैतारण थाना प्रभारी मनीषदेव विश्वकर्मा मय जाप्ता घटनास्थल पर पहुंचे।
रसद विभाग ने किए 51 गैस सिलेण्डर जब्त
पुलिस को मौके पर बडी संख्या में गैस सिलेण्डर दिखे तो उन्होंने रसद विभाग को सूचित किया। प्रवर्तन निरीक्षक मुरारी लाल शर्मा जैतारण पहुंचे। रसद विभाग के इआइ शर्मा ने बताया कि सत्यनायाण माली के मकान से 51 गैस सिलेण्डर जब्त किए गए। इनमें से 17 कॉमर्शियल व 34 घरेलू गैस सिलेण्डर थे। पूछताछ में सामने आया कि सत्यनारायण रसोई गैस रिफिलिंग का कार्य करता है।