पाली

Rajasthan News: पुलिस की नाकामी और खाली दमकल! कांग्रेस महिला पार्षद, पति और जेठ की दर्दनाक मौत का जिम्मेदार कौन?

पाली के फालना बाजार में दर्दनाक पटाखा हादसा, पुलिस की ढिलाई और पानी-विहीन दमकल की लापरवाही से 3 की मौत। कांग्रेस महिला पार्षद व पति समेत जेठ की जान गई।
2 min read
• •
Updated: 10 Nov 2026, 11:07 AM IST
falna market fire crackers 3 dead police and fire brigade negligence rajasthan
fire cracker incident- 3 died

राजस्थान के पाली जिले के फालना बाजार में दीपावली की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब एक पटाखा दुकान में लगी भीषण आग ने विकराल रूप ले लिया। इस दर्दनाक हादसे में कांग्रेस की महिला पार्षद उषा पूनमिया, उनके पति प्रकाश पूनमिया और जेठ गौतम पूनमिया की जान चली गई। इस पूरे हादसे की वजहों की प्रारंभिक पड़ताल में स्थानीय पुलिस प्रशासन की नाकामी और अग्निशमन विभाग की आपराधिक लापरवाही सामने आई है। अगर समय रहते पुलिस अवैध आतिशबाजी रोकती और दमकल विभाग मुस्तैद होता, तो इन तीन मासूम जिंदगियों को बचाया जा सकता था।

पुलिस की नाकामी: भीड़भाड़ वाले बाजार में नियमों की उड़ीं धज्जियां

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, फालना के तंग और भीड़भाड़ वाले मुख्य बाजार में खुलेआम पटाखे छोड़े जा रहे थे, जो कि सुरक्षा मानकों के बिल्कुल खिलाफ था। बाजार में गश्त कर रही पुलिस ने पटाखों पर रोक लगाने या सुरक्षा नियम लागू कराने के लिए कोई ठोस कार्रवाई नहीं की।

संकरे बाजार में बारूद के ढेर के पास हो रही आतिशबाजी को समय रहते न रोकना पुलिस की कार्यप्रणाली पर बड़ा सवालिया निशान खड़ा करता है।

दमकल विभाग की लापरवाही: बिना पानी के पहुंची गाड़ी!

हादसे की सूचना मिलने के बाद जब नगर पालिका खुदाला-फालना की दमकल मौके पर पहुंची, तो प्रशासनिक व्यवस्थाओं का काला सच सामने आ गया। दमकल वाहन मौके पर तो पहुंचा, लेकिन उसमें आग बुझाने के लिए पर्याप्त पानी ही उपलब्ध नहीं था। जब तक पानी की व्यवस्था की जाती, आग ने आसपास की 4 दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया।

इतना ही नहीं, आग पर काबू पाने के लिए फालना, बाली, रानी और सादड़ी से दमकल गाड़ियां बुलाई गईं, लेकिन विडंबना यह रही कि किसी भी गाड़ी में एक भी प्रशिक्षित फायरकर्मी मौजूद नहीं था।

लगभग 4 घंटे की देरी के बाद जब सुमेरपुर से प्रशिक्षित दमकलकर्मी पहुंचे, तब जाकर 12 से अधिक दमकल वाहनों की मदद से आग पर काबू पाया जा सका। तब तक सब कुछ जलकर खाक हो चुका था।

धुएं और दम घुटने से गई तीन जिंदगियां

आग की भीषण लपटें देखकर महिला पार्षद उषा पूनमिया दुकान के अंडरग्राउंड (तहखाने) में छिप गईं, लेकिन वहां जहरीले धुएं से उनका दम घुट गया। उन्हें बचाने के लिए दुकान की तरफ भागे पति प्रकाश पूनमिया भी आग की चपेट में आ गए।

सोमवार सुबह करीब 5 बजे अंडरग्राउंड से पानी निकालकर उषा का शव बाहर निकाला जा सका। गंभीर रूप से झुलसे 75 वर्षीय गौतम पूनमिया ने भी देर शाम अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

प्रशासनिक जवाबदेही पर उठे गंभीर सवाल

इस हादसे के बाद पूरे फालना क्षेत्र में भारी आक्रोश है। स्थानीय लोग सवाल उठा रहे हैं कि जब दमकल के पास न तो पूरा पानी था और न ही ट्रेंड अमला, तो नगर पालिका और जिला प्रशासन किस तैयारी का दावा कर रहा था? इस पूरी घटना ने पुलिस गश्त और इमरजेंसी फायर रिस्पांस सिस्टम की पोल खोलकर रख दी है।

Updated on:
10 Nov 2026, 11:07 AM IST
Published on: