पाली

बारिश के बाद सांचौर में जलभराव का संकट, रोडवेज बस स्टैंड परिसर में भरा दो फीट पानी

Jul 29, 2026
Rajasthan

सांचौर। शहर में सोमवार को हुई भारी बारिश के बाद जलभराव की समस्या ने एक बार फिर प्रशासनिक व्यवस्थाओं की पोल खोल दी है। बारिश थमने के कई घंटे बाद भी शहर के कई इलाकों में पानी भरा रहा। जिससे आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ा। रोडवेज बस स्टैंड परिसर में बारिश का पानी दो फीट से अधिक भर गया, जिससे यात्रियों और बस चालकों को आवागमन में परेशानी हुई। पानी निकासी के लिए नगरपालिका प्रशासन हरकत में आया और सफाई निरीक्षक विजय पुरोहित के नेतृत्व में सफाई कर्मियों की टीम ने मौके पर पहुंचकर पानी निकालने का काम शुरू किया। परिसर में भरे पानी को बाहर निकालने के लिए पम्प भी लगाया गया।
वहीं शहर के रानीवाड़ा रोड पर बारिश के तीन दिन बाद भी जलभराव की स्थिति बनी हुई है। निकासी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण सड़क किनारे और आसपास के क्षेत्रों में पानी जमा है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी उठानी पड़ रही है।
इधर नेशनल हाई वे पर स्थित सीएनजी पेट्रोल पम्प परिसर भी बारिश के पानी से लबालब नजर आया। परिसर में पानी भरने से वाहन चालकों और कर्मचारियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
शहरवासियों का कहना है कि हर साल बारिश के दौरान जलभराव की समस्या सामने आती है, लेकिन स्थायी समाधान के लिए ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। नालों की सफाई और जल निकासी व्यवस्था को लेकर लगातार सवाल उठने के बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है। भारी बारिश के बाद शहर की सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर जमा पानी ने नगर निकाय की तैयारियों पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

Updated on:
29 Jul 2026 06:02 am
Published on:
29 Jul 2026 06:01 am