पाली

Reet Exam 2021 : नकल रोकना चुनौती : दस केन्द्रों पर ही जैमर, 39 परीक्षा केन्द्र पर चालू रहेगा इंटरनेट

- पाली जिले के जाडन, गुंदोज व रोहट जैसे सेंटर पर पहुंचने के लिए हो सकती है माथापच्ची
2 min read
Sep 24, 2021
Reet Exam 2021 : नकल रोकना चुनौती : दस केन्द्रों पर ही जैमर, 39 परीक्षा केन्द्र पर चालू रहेगा इंटरनेट
Reet Exam 2021 : नकल रोकना चुनौती : दस केन्द्रों पर ही जैमर, 39 परीक्षा केन्द्र पर चालू रहेगा इंटरनेट

पाली। एसआइ परीक्षा में तमाम प्रयासों के बावजूद नकल का प्रकरण सामने आने के बाद अब 26 सितम्बर को होने वाली राजस्थान अध्यापक पात्रता परीक्षा (रीट-2021) चुनौती बन गई है। यह परीक्षा 26 सितम्बर को दो पारी में सुबह दस से दोपहर साढ़े बारह बजे तक तथा दोपहर ढाई से शाम पांच बजे तक होगी। पाली जिले में इसके लिए कुल 49 परीक्षा केन्द्र निर्धारित किए गए है। लेकिन यहां नकल रोकना प्रशासन व पुलिस के लिए चुनौती भरा होगा। इसकी वजह ये है कि प्रशासन ने सिर्फ दस केन्द्र ही संवेदनशील माने है और यहां जैमर लगाए है, बाकी 39 केन्द्र पर बिना जैमर के परीक्षा होगी, ऐसे में यहां इंटरनेट चालू रहेगा। इधर, 11 हजार से अधिक परीक्षार्थी पाली में परीक्षा देंगे, ऐसे में बिना जैमर के नकल रोकना प्रशासन व पुलिस के लिए चुनौती है।

इन सेंटर पर जल्द पहुंचना होगा, मुख्यालय से है दूर
परीक्षा के लिए 18 परीक्षा केन्द्र राजकीय संस्थान में एवं 31 परीक्षा केन्द्र निजी शिक्षण संस्थान में निर्धारित है। परीक्षा केन्द्रों में से 5 परीक्षा केन्द्र सोजत सिटी में, 5 परीक्षा केन्द्र फालना में, 3 परीक्षा केन्द्र जाडन में, 2 परीक्षा केन्द्र रोहट में, 2 परीक्षा केन्द्र गुन्दोज में व शेष 32 परीक्षा केन्द्र पाली शहर में स्थित है। जाडन, गुंदोज व रोहट के केन्द्र मुख्यालय से दूर और ग्रामीण क्षेत्र में है। यहां परीक्षार्थियों को समय पर पहुंचना होगा। हालांकि प्रशासन का दावा है कि ये सभी सेंटर हाइवे पर है और यहां के लिए बस की व्यवस्था है।

सुरक्षा की जिम्मेदारी इनके कंधों पर
जिला मजिस्ट्रेट अंश दीप की ओर से जारी आदेशानुसार 25 से 27 सितम्बर तक उपखंड मजिस्ट्रेट मारवाड़ जंक्शन उपखंड क्षेत्र मारवाड़ जंक्शन, उपखंड मजिस्ट्रेट बाली उपखंड क्षेत्र बाली, उपखंड मजिस्ट्रेट सोजत उपखंड क्षेत्र सोजत, उपखंड मजिस्टे्रट रोहट को उपखंड क्षेत्र रोहट के लिए कार्यपालक मजिस्ट्रेट बनाए गए है। इसी तरह 25 सितम्बर को तहसीलदार रोहट पुलिस थाना औद्योगिक क्षेत्र पाली एवं रेलवे स्टेशन के आस पास का क्षेत्र, तहसीलदार सोजत पुलिस थाना कोतवाली, पुराना बस स्टैण्ड व मंडिया रोड के आस पास का क्षेत्र, तहसीलदार रानी ट्रांसपोर्ट नगर थाना एवं बांगड़ कॉलेज के आस पास का क्षेत्र तथा तहसीलदार सुमेरपुर को सदर थाना क्षेत्र, नया बस स्टैण्ड के आस पास का क्षेत्र व ग्राम गुन्दोज के लिए कार्यपालक मजिस्ट्रेट बनाया गया है।

26 सितम्बर को तहसीलदार बाली को औद्योगिक क्षेत्र थाना व रेलवे स्टेशन के आसपास का क्षेत्र, तहसीलदार देसूरी को कोतवाली थाना पुराना बस स्टैण्ड, मण्डिया रोड के आस पास का क्षेत्र, तहसीलदार मारवाड़ जंक्शन को ट्रांसपोर्ट नगर थाना व बांगड़ कॉलेज के आस पास का क्षेत्र, तहसीलदार जैतारण को सदर थाना क्षेत्र, नया बस स्टैण्ड के आस पास का क्षेत्र व ग्राम गुन्दोज के लिए कार्यपालक मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया है। अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट इस अवधि में परीक्षा कार्यक्रम के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सम्पूर्ण जिले की व्यवस्था के प्रभारी रहेंगे।

Updated on:
24 Sept 2021 04:33 pm
Published on:
24 Sept 2021 04:33 pm