पाली

Rajasthan: राजस्थान में पाम ऑयल और केमिकल से बन रहा था नकली घी, सरस-अमूल जैसे ब्रांड की पैकिंग बरामद

Fake Ghee Racket: सुमेरपुर में पुलिस ने नकली घी के बड़े कारोबार का खुलासा किया, जहां पाम ऑयल और केमिकल से घी तैयार किया जा रहा था। इस घी को सरस, अमूल और कृष्णा जैसे नामी ब्रांड की पैकिंग में भरकर बाजार में सप्लाई किया जा रहा था।

2 min read
Apr 16, 2026
जब्त माल के साथ आरोपी। फोटो- पत्रिका

सुमेरपुर (पाली)। कस्बे के संजय नगर क्षेत्र में लंबे समय से संचालित नकली घी के अवैध कारोबार का भंडाफोड़ किया गया। जिला स्पेशल टीम और सुमेरपुर पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बुधवार देर रात दबिश देकर इस बड़े फर्जीवाड़े का पर्दाफाश किया। करीब आठ घंटे तक चली कार्रवाई में भारी मात्रा में नकली घी, पैकिंग सामग्री और मशीनरी जब्त की गई।

यह वीडियो भी देखें

ये भी पढ़ें

Petrol-Diesel Price: बंगाल चुनाव के बाद क्या बढ़ जाएंगे पेट्रोल-डीजल के दाम ? राजस्थान भाजपा प्रदेशाध्यक्ष का बड़ा बयान आया सामने

पुलिस उपाधीक्षक, वृत सुमेरपुर जितेंद्रसिंह को बुधवार को सूचना मिली कि संजय नगर स्थित एक गोदाम में नामी कंपनियों के नाम से नकली घी तैयार किया जा रहा है। इस पर पुलिस अधीक्षक मोनिका सेन के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चैनसिंह महेचा के मार्गदर्शन और थानाधिकारी सवाई सिंह के नेतृत्व में डीएसटी व पुलिस टीम गठित कर दबिश दी गई। मौके पर तीन व्यक्ति नकली घी की पैकिंग करते मिले, जिन्हें गिरफ्तार कर बड़ी मात्रा में माल जब्त किया गया।

नामी ब्रांड के नाम पर तैयार हो रहा था नकली घी

जांच में सामने आया कि पाम ऑयल और अन्य रसायनों से तैयार घी को सरस, अमूल, नोवा, कृष्णा जैसे ब्रांड के नाम से बाजार में बेचा जा रहा था। थानाधिकारी सवाई सिंह ने बताया कि जब्ती में 141 टीन नकली घी, 21 कार्टून पॉलिपैक (करीब 315 लीटर) तथा गैस सिलेंडर, चूल्हा और मिक्सिंग मशीन सहित पूरा सेटअप बरामद किया गया। वहीं खाद्य एवं चिकित्सा विभाग के अनुसार करीब 150 टीन (15-15 किलो क्षमता) और लगभग 260 किलो टेट्रा पैक घी सहित बड़ी मात्रा में पैकिंग सामग्री जब्त की गई।

आरोपी गिरफ्तार, नेटवर्क की जांच जारी

कार्रवाई के दौरान हरिओम सुमेरपुर, खुशाल जाखोडा और परबतसिंह रोवाड़ा को मौके से गिरफ्तार किया गया, जबकि पूरे नेटवर्क में रूपसिंह जाखोड़ा का नाम भी सामने आया है, जिसकी तलाश जारी है। पुलिस को आशंका है कि यह नेटवर्क अन्य स्थानों पर भी सक्रिय हो सकता है।

विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मिलावट, धोखाधड़ी, जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ और ट्रेडमार्क उल्लंघन सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। साथ ही फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड एक्ट 2006 और ट्रेडमार्क एक्ट के तहत भी कार्रवाई की जा रही है।

खाद्य विभाग ने लिए नमूने

पुलिस के अनुसार दबिश कार्रवाई पुलिस और डीएसटी टीम ने की। इसके बाद देर रात खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम को मौके पर बुलाकर घी के नमूने लिए गए, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।

इन्होंने कहा

सूचना मिली थी कि संजय नगर क्षेत्र में नामी ब्रांड के नाम से अवैध रूप से नकली घी बनाया जा रहा है। इस पर डीएसटी और पुलिस की टीम बनाकर देर रात दबिश दी गई। मौके से 141 टीन नकली घी, 21 कार्टून पॉलिपैक (करीब 315 लीटर), गैस सिलेंडर, चूल्हा और मिक्सिंग मशीन सहित बड़ी मात्रा में सामग्री जब्त की गई। खाद्य विभाग की टीम को बुलाकर सैंपल भरवाए गए, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। मौके से हरिओम, खुशाल और परबतसिंह को गिरफ्तार किया गया है, जबकि मुख्य आरोपी रूपसिंह जाखोडा को नामजद किया गया है, जिसकी तलाश जारी है।
- सवाई सिंह राठौड़, थानाधिकारी, सुमेरपुर

ये भी पढ़ें

Sirohi Bypass: सिरोही बाईपास को लेकर नया विवाद, नितिन गडकरी तक पहुंचा मामला, मास्टर प्लान के अनुसार बदलाव की मांग
Also Read
View All