
- जिला कार्यकारिणी का सम्मान, शिक्षा हितों की रक्षा व संगठन की मजबूती का लिया संकल्प
- एक फोटो
आहोर. निजी विद्यालय संघ आहोर ब्लॉक की नवीन कार्यकारिणी के गठन के साथ संगठन को नया नेतृत्व मिला। सर्वसम्मति से मनीष गुप्ता को निजी विद्यालय संघ आहोर ब्लॉक का अध्यक्ष निर्वाचित किया गया। इस अवसर पर आयोजित सम्मान समारोह में जिला निजी विद्यालय संघ जालोर की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी का माला, साफा पहनाकर एवं पौध भेंट कर स्वागत किया गया। समारोह में जिलाध्यक्ष हनुमानसिंह बिठू, जिला महासचिव विक्रम श्रीमाली, जिला कोषाध्यक्ष किशोर राजगुरू तथा प्रदेश प्रतिनिधि किशनाराम चौधरी का अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में निजी विद्यालय संचालकों ने भाग लेकर संगठन की एकजुटता और शिक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का परिचय दिया। जिलाध्यक्ष बिठू ने कहा कि निजी विद्यालय केवल शिक्षा देने वाले संस्थान नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण के सशक्त केंद्र हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय की चुनौतियों का सामना संगठन की मजबूती, आपसी विश्वास और सामूहिक प्रयासों से ही किया जा सकता है। उन्होंने सभी विद्यालय संचालकों से शिक्षा की गुणवत्ता, विद्यार्थियों के हितों और निजी विद्यालयों के अधिकारों की रक्षा के लिए संगठित होकर कार्य करने का आह्वान किया। जिला महासचिव श्रीमाली ने ब्लॉक स्तर पर मजबूत संगठन को जिले की सबसे बड़ी ताकत बताया। जिला कोषाध्यक्ष राजगुरू ने संगठन में पारदर्शिता, सहयोग और सक्रिय सहभागिता को सफलता का आधार बताया। प्रदेश प्रतिनिधि चौधरी ने कहा कि निजी विद्यालयों की समस्याओं और हितों की प्रभावी पैरवी के लिए प्रत्येक संचालक का संगठन से जुडऩा आवश्यक है। नवनिर्वाचित ब्लॉक अध्यक्ष गुप्ता ने सभी विद्यालय संचालकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें सौंपी गई जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और समर्पण के साथ किया जाएगा। उन्होंने विश्वास दिलाया कि आहोर ब्लॉक के सभी निजी विद्यालयों को साथ लेकर संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने तथा शिक्षा, संगठन और समाजहित के कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी। इस दौरान निवर्तमान ब्लॉक अध्यक्ष राजेंद्र दवे के कार्यकाल की सराहना की गई। जिला कार्यकारिणी ने आहोर ब्लॉक की टीम द्वारा किए गए सुव्यवस्थित एवं गरिमामय आयोजन की प्रशंसा करते हुए सभी पदाधिकारियों, विद्यालय संचालकों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में अतिथियों को पौधे भेंट कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि शिक्षा का उद्धेश्य केवल ज्ञान प्रदान करना नहीं, बल्कि सामाजिक उत्तरदायित्व, पर्यावरण संरक्षण और संस्कारों का विकास करना भी है। समारोह का समापन संगठन की एकता, निजी विद्यालयों के हितों की रक्षा, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के विस्तार तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के संकल्प के साथ हुआ। उपस्थित सभी सदस्यों ने भविष्य में भी संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक योगदान देने का संकल्प लिया।