पाली

भतीजे ने जमीन विवाद के चलते करवाई थी चाचा की सुपारी देकर हत्या

- आरोपी भतीजा सहित चार जने गिरफ्तार, तीन लाख रुपए की दी थी सुपारी- बासनी जोजावर में वृद्ध की हत्या का राजफाश
2 min read
• •
Updated: 29 Sep 2020, 9:32 AM IST
भतीजे ने जमीन विवाद के चलते करवाई थी चाचा की सुपारी देकर हत्या
भतीजे ने जमीन विवाद के चलते करवाई थी चाचा की सुपारी देकर हत्या

पाली/सोजत/मारवाड़ जंक्शन। जिले के सिरियारी थाना क्षेत्र के बासनी जोजावर सरहद में बेरे पर नींद में सो रहे वृद्ध प्यारेलाल ब्राह्मण की लाठियों से पीटकर हत्या करने की वारदात का पुलिस ने राजफाश कर दिया। पुलिस इस मामले में मृतक के भतीजे सहित चार जनों को गिरफ्तार किया है। आरोपी भतीजे ने जमीन विवाद के चलते अपने चाचा प्यारेलाल की हत्या तीन लाख रुपए सुपारी देकर करवाई। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।

पुलिस अधीक्षक राहुल कोटोकी ने बताया कि 24 सितम्बर की रात प्यारेलाल की हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने मृतक के पुत्र की रिपोर्ट पर हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। एएसपी तेजपाल सिंहस, सोजत सीओ डॉ. हेमंत जाखड़, सिरियारी थानाधिकारी सुरेश सारण के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया। टीम ने मृतक के रिश्तेदारों, आपसी संबंधियों के विभिन्न पहलुओं व सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मृतक के भतीज बासनी जोजावर निवासी रमेश कुुमार नागला को दस्तयाब कर पूछताछ की तो उसने अपने चाचा की हत्या करना कबूला। पुलिस ने इस मामले में रमेश के साथ सुपारी किलर आमेट आक्या लिकी दिवेर निवासी ख्यालीलाल उर्फ किशन गुर्जर पुत्र अमराराम गुर्जर, गोवल आमेट राजसमंद निवासी रतनसिंह उर्फ गोटुसिंह पुत्र चमनसिंह रावणा राजपूत, आमेट राजसमंद निवासी इकबाल खां पुत्र रसूलखान मंसुरी को गिरफ्तार किया।

विवादित जमीन पाने के लिए हत्या
एसएचओ सारण ने बताया कि मृतक प्यारेलाल व मुख्य आरोपी रमेश नागला चाचा-भतीज है। इनके आपस में जमीन के विवाद के कारण लंबे समय से रंजिश चल रही थी। आरोपी रमेश नागला द्वारा विवादित जमीन को प्राप्त करने के लिए अपने दोस्त किशन गुर्जर के साथ मिलकर प्यारेलाल की हत्या करने की योजना बनाई थी। इसके लिए आरोपी रमेश ने ख्यालीलाल उर्फ किशन गुर्जर को सुपारी के तौर पर तीन लाख रुपए में सौदा तय किया। एडवांस के रूप में तीस हजार रुपए किशन गुर्जर के गांव जाकर रमेश ने दिए। रमेश ने किशन को बासनी गांव बुलाकर कुएं पर चारपाई पर सो रहे प्यारेलाल पर हमला करवाया। आरोपी किशन ने अपने सहयोगी रतनसिंह उर्फ गोटुसिंह व इकबाल खां को सुपारी के रुपए का लालच देकर अपने साथ लेकर मोटरसाइकिल से राजसमंद से रवाना होकर 24 सितंबर की रात्रि में बासनी जोजावर आए। अलसुबह करीब 4 बजे गहरी नींद में सो रहे प्यारेलाल पर लाठियो से ताबड़तोड़ हमला कर दिया तथा बाइक से फरार हो गए।

मुख्य आरोपी ने पुलिस को किया गुमराह
पुलिस को गुमराह करने के लिए मुख्य आरोपी रमेश नागला स्वयं घटना की रात अपने गांव से अपने ससुराल कोलर मगर तलाव चला गया। खुद को निर्दोष साबित करने के लिए पाली अस्पताल भी पहुंचा, लेकिन पुलिस पूछताछ में वह पकड़ा गया। पूर्व में मारपीट, जानलेवा हमला, आईओसी तेल पाइप लाइन से तेल चोरी सहित कई आपराधिक मामलों दर्ज है।

Published on: