21 अक्टूबर 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

राजस्थान के व्यापारी की बेटे ने की हत्या, कार के लिए पैसे नहीं देने पर वारदात को दिया अंजाम

राजस्थान के व्यापारी मोहनलाल परमार की महाराष्ट्र के पालघर में उसके ही सगे बेटे ने हत्या कर दी। वारदात के बाद फरार आरोपी को पुलिस ने गुजरात के भरूच से गिरफ्तार कर लिया। मंगलवार को मोहनलाल का अंतिम संस्कार उनके देसूरी स्थित पैतृक गांव में किया गया।
2 min read
Google source verification

पाली

•

image

Kamal Mishra

•

Oct 20, 2026

pali murder

Pali: मृतक व्यापारी और आरोपी बेटा (फोटो-पत्रिका)

पाली। जिले के देसूरी निवासी एक व्यापारी की महाराष्ट्र के पालघर में हत्या का मामला सामने आया है। आरोप है कि कार खरीदने और कर्ज चुकाने के लिए रुपए नहीं मिलने पर बेटे ने अपने ही पिता की जान ले ली। वारदात को अंजाम देने के लिए इलेक्ट्रिक ग्राइंडर का इस्तेमाल किए जाने की बात सामने आई है। मृतक की पहचान 55 वर्षीय मोहनलाल परमार के रूप में हुई है। हत्या के बाद फरार हुए आरोपी बेटे मुकेश परमार (28) को पुलिस ने गुजरात के भरूच से गिरफ्तार कर लिया। घटना की जानकारी पैतृक गांव देसूरी पहुंचने के बाद परिवार और ग्रामीणों में शोक छा गया। मंगलवार को मोहनलाल का अंतिम संस्कार किया गया।

मोहनलाल परमार मूल रूप से पाली जिले के देसूरी क्षेत्र के केरली बास के निवासी थे। वह महाराष्ट्र के मुंबई में रहकर दादर इलाके में बर्तनों की दुकान चलाते थे। वह अपने बेटे मुकेश के साथ रहते थे। जानकारी के अनुसार, मुंबई में एक संपत्ति बेचने से मिली रकम को लेकर पिता-पुत्र के बीच लंबे समय से अनबन चल रही थी। इसी बीच मुकेश ने कर्ज चुकाने और कार खरीदने के लिए पिता से रुपए मांगे थे। आरोप है कि मांग पूरी नहीं होने पर विवाद बढ़ गया और उसने हत्या की वारदात को अंजाम दे दिया।

घर से निकला, ग्राइंडर खरीदकर लौटा

पुलिस के अनुसार, रविवार दोपहर पिता के साथ बहस होने के बाद मुकेश घर से बाहर चला गया। इसके बाद उसने एक हार्डवेयर दुकान से टाइल और स्लैब काटने में इस्तेमाल होने वाली इलेक्ट्रिक ग्राइंडर खरीदी। घर लौटने के बाद उसने कथित तौर पर इसी मशीन से पिता पर हमला कर दिया। गंभीर चोटों के चलते मोहनलाल की मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

रिश्तेदारों को हुआ शक, घर पहुंचने पर खुला मामला

मोहनलाल से संपर्क नहीं हो पाने पर उनके रिश्तेदारों को चिंता हुई। उन्होंने एक परिचित को घर भेजकर उनका हाल जानने को कहा। परिचित जब घर पहुंचा तो मोहनलाल का शव मिलने पर घटना का खुलासा हुआ। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और आरोपी की तलाश में टीमें लगाईं। फरार मुकेश को गुजरात के भरूच से गिरफ्तार कर लिया गया। उसे सोमवार को पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेजा गया, जहां उससे वारदात और विवाद से जुड़े पहलुओं पर पूछताछ की जा रही है।

देसूरी में हुआ अंतिम संस्कार

महाराष्ट्र में हुई हत्या की खबर पाली जिले के देसूरी स्थित पैतृक गांव पहुंची तो शोक की लहर दौड़ गई। मोहनलाल का शव सोमवार देर रात गांव लाया गया। मंगलवार को अंतिम संस्कार किया गया। बताया गया कि उनकी पत्नी कुछ दिन पहले ही देसूरी आई थीं। परिवार के लिए यह घटना गहरा सदमा बनकर सामने आई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और हत्या के पीछे के घटनाक्रम तथा पैसों के विवाद से जुड़े तथ्यों की पड़ताल की जा रही है।

यह वीडियो भी देखें :