पाली

Pali News: डॉक्टर की कुर्सी पर फन फैलाकर बैठा सांप, अस्पताल में मची अफरा-तफरी

पाली शहर के बांगड़ अस्पताल स्थित ओपीडी में मंगलवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब हड्डी रोग विशेषज्ञ के कक्ष में चिकित्सक की कुर्सी पर एक सांप फन फैलाकर बैठा दिखाई दिया। घटना सुबह करीब 9:30 बजे की है।
2 min read
Jun 30, 2026
sank in pali
डॉक्टर की कुर्सी पर फन फैलाकर बैठा सांप। फोटो पत्रिका

पाली। शहर के बांगड़ अस्पताल स्थित ओपीडी में मंगलवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब हड्डी रोग विशेषज्ञ के कक्ष में चिकित्सक की कुर्सी पर एक सांप फन फैलाकर बैठा दिखाई दिया। घटना सुबह करीब 9:30 बजे की है। उस समय अस्पताल के ओपीडी कक्ष संख्या 120 के बाहर बड़ी संख्या में मरीज हड्डी रोग विशेषज्ञ एवं अस्पताल अधीक्षक डॉ. कैलाश परिहार के आने का इंतजार कर रहे थे।

इसी दौरान एक मरीज की नजर चिकित्सक की कुर्सी पर पड़ी, जहां सांप फन फैलाकर बैठा था। यह देखते ही मरीज ने जोर-जोर से "सांप… सांप…" चिल्लाना शुरू कर दिया। शोर सुनते ही वहां मौजूद अन्य मरीजों और अस्पताल स्टाफ में भी हड़कंप मच गया। एहतियात के तौर पर कक्ष के आसपास लोगों की आवाजाही रोक दी गई और तत्काल अस्पताल प्रबंधन को सूचना दी गई।

स्नेक कैचर ने किया रेस्क्यू

सूचना मिलने पर स्नेक कैचर जावेद को मौके पर बुलाया गया। उन्होंने सावधानीपूर्वक रेस्क्यू अभियान चलाकर सांप को सुरक्षित पकड़ लिया। इसके बाद सांप को जंगल में ले जाकर प्राकृतिक वातावरण में छोड़ दिया गया। समय रहते सांप को सुरक्षित पकड़ लेने से किसी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हुई। घटना के बाद अस्पताल प्रशासन और मरीजों ने राहत की सांस ली।

अस्पताल प्रबंधन ने बताया कि परिसर में समय-समय पर साफ-सफाई और निगरानी रखी जाती है, फिर भी बरसात के मौसम में सांप और अन्य जीव-जंतुओं के निकलने की संभावना बढ़ जाती है। ऐसे में कर्मचारियों और मरीजों से सतर्क रहने तथा किसी भी वन्यजीव के दिखाई देने पर तुरंत प्रशासन को सूचना देने की अपील की गई।

साथ ही अस्पताल परिसर में अतिरिक्त सावधानी बरतने और नियमित जांच करने के निर्देश भी दिए गए। अस्पताल प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचाव के लिए सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा। परिसर के आसपास झाड़ियों की नियमित सफाई, ड्रेनेज सिस्टम की जांच और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाएगी।

Updated on:
30 Jun 2026 04:02 pm
Published on:
30 Jun 2026 03:48 pm