10 अक्टूबर 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

पाली में दावत के बाद एक साथ 250 लोगों की बिगड़ी तबीयत, मच गया हड़कंप; कई बच्चों की हालत गंभीर

Pali Food Poisoning: पाली शहर के प्यारा चौक क्षेत्र में शुक्रवार रात एक दावत के बाद अचानक बड़ी संख्या में लोगों की तबीयत बिगड़ गई। उल्टी-दस्त की शिकायत के बाद बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक को अस्पताल पहुंचाना पड़ा।
2 min read
Google source verification

पाली

•

image

Anil Prajapat

•

Oct 10, 2026

Pali Food Poisoning

अस्पताल में भर्ती मरीज। फोटो: पत्रिका

पाली। पाली शहर के प्यारा चौक क्षेत्र में शुक्रवार रात एक दावत के बाद अचानक बड़ी संख्या में लोगों की तबीयत बिगड़ गई। उल्टी-दस्त की शिकायत के बाद बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक को अस्पताल पहुंचाना पड़ा। देर रात तक करीब 250 लोगों के बीमार होने की सूचना सामने आई। इनमें कई बच्चों की हालत गंभीर होने पर उन्हें विशेष निगरानी में रखा गया।

जानकारी के अनुसार, क्षेत्र में छिपों की ढाल में आयोजित एक भोज में बड़ी संख्या में लोगों ने भोजन किया था। रात करीब 12 बजे के बाद लोगों को उल्टी-दस्त की शिकायत होने लगी। देखते ही देखते बीमार लोगों की संख्या बढ़ने लगी और परिजन उन्हें लेकर अस्पताल पहुंचने लगे। पाली शहर के बांगड़ अस्पताल के ट्रोमा सेंटर में मरीजों की भीड़ जुटने से अतिरिक्त चिकित्सकों को बुलाना पड़ा।

बच्चों की हालत बिगड़ी, अस्पतालों में बढ़ाई व्यवस्था

बीमारों में बच्चों की संख्या अधिक होने से परिजनों की चिंता बढ़ गई। चिकित्सकों के अनुसार, कुछ बच्चों की स्थिति गंभीर थी, जबकि कई अन्य पेट दर्द, उल्टी और दस्त से परेशान थे। मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए बांगड़ अस्पताल के साथ शहर के अन्य अस्पतालों में भी उपचार की व्यवस्था की गई। बांगड़ अस्पताल में 41 मरीजों और जनरल अस्पताल में 12 मरीजों को भर्ती कराने की जानकारी सामने आई।

ट्रॉमा सेंटर में अतिरिक्त चिकित्सक तैनात

मरीजों की भीड़ को संभालने के लिए अस्पताल प्रशासन को अतिरिक्त चिकित्सक बुलाने पड़े। प्रिंसिपल एवं नियंत्रक डॉ. ओपी सुथार के अनुसार 15 चिकित्सकों की अतिरिक्त ड्यूटी लगाई गई। मेडिकल कॉलेज से भी प्रोफेसर बुलाए गए। ट्रोमा सेंटर सहित अन्य वार्डों में मरीजों को भर्ती कर उपचार शुरू किया गया।

भोजन के नमूनों की जांच से स्पष्ट होगी वजह

प्रारंभिक जानकारी में दावत के भोजन को लोगों की तबीयत बिगड़ने की संभावित वजह माना जा रहा है। हालांकि, बीमारी के वास्तविक कारण की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। खाद्य सामग्री की गुणवत्ता और भोजन तैयार करने से जुड़ी परिस्थितियों की जांच महत्वपूर्ण होगी।