
पाली/जयपुर। देश में बेटियों के प्रति नजरिया बदलने लगा है। इसका ताजा उदाहरण शुक्रवार को सूर्या कॉलोनी में देखने को मिला, जिसने समाज को ये संदेश देने का प्रयास किया कि बेटे व बेटी में कोई भेद नहीं है। यहां एक परिवार बेटी की खुशी में इतना प्रफुल्लित हुआ कि ढोल-नगाड़ों के साथ अपनी पौती व बहू को पीहर से बग्गी में बैठाकर घर लाए।
इतना ही नहीं, बेटी को दुर्गा स्वरूपा समझ उसका आतिशबाजी से स्वागत किया गया। दरअसल, सूर्या कॉलोनी निवासी कानाराम व कंचनदेवी आदिवाल के बेटे की बहू ने चार माह पहले 10 जून को बेटी को जन्म दिया। उस समय घर में थाली बजाकर खुशियां मनाई गई। साथ ही अपनी पोती को दुर्गाष्टमी के दिन अपने घर धूमधाम से लाने का फैसला किया। इसी के चलते शुक्रवार को कानाराम अपनी पोती को धूमधाम से बग्गी में अपने घर लेकर आए।
बेटे से बढ़कर खुशी मनाई
कानाराम बताते हैं कि उनके दो बहनें हैं। पहली बहन उमिया देवी 80 वर्ष की है और दूसरी बहन तुलसी देवी 65 साल की है। तुलसी देवी के बाद कानाराम के घर में 65 साल से बेटी का इंतजार ही था। कानाराम के स्वयं के भी तीन पुत्र ही है। सबसे बड़े लड़के के भी दो लड़के ही हुए। उसके बाद उनके सबसे छोटे बेटे अजय आदिवाल के बेटी हुई।
इस बेटी की खुशियां इस परिवार में बेटे से भी बढ़कर मनाई गई। बेटा-बेटी में भेदभाव को लेकर बरसों से समाज जिन बेडिय़ों में जकड़ा है, उसे तोडऩे के लिए कानाराम का परिवार एक मिसाल है। बेटियां न केवल परिवार जोडऩे की कड़ी है, बल्कि उसके अस्तित्व से हमारा गौरव है।
नवरात्र से एक दिन पहले झाडि़यों में मिली थी 'दुर्गा'
नवरात्र के एक दिन पूर्व पाली जिले के निम्बली उड़ा गांव में सड़क किनारे कोई नवजात को छोड़ गया। बिलखने की आवाज सुनकर वहां पहुंची महिला ने उसे बांगड़ अस्पताल पहुंचाया, जहां इसका नाम 'दुर्गा' रखा गया। अब बच्ची को गोद लेने कई परिवार सामने भी आए। इसका उपचार चल रहा है। खास बात ये है कि महिला समय पर नहीं पहुंचती तो श्वान इस नवजात को नोंच लेते।