पाली

पीडि़ता गुरुकुल में घुसते ही बोली- साहब इस कमरे में आइए, यह है दाती का ठिकाना

पीडि़ता गुरुकुल में घुसते ही सीबी की टीम से बोली कि 'साहब मेरे साथ इधर आइए, मैं दाती का ठिकाना दिखाती हूं, इस कमरे में दाती का कारनामा।
2 min read
Jun 17, 2018
Daati Maharaj Rape Case
पीडि़ता गुरुकुल में घुसते ही बोली- साहब इस कमरे में आइए, यह है दाती का ठिकाना

चैनराज भाटी/पाली। दाती मदन के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज होने के बाद सर्च ऑपरेशन के लिए आलावास पहुंची दिल्ली क्राइम ब्रांच की टीम उस वक्त हैरान रह गई, जब आश्वासन गुरुकुल में केवल 100 बालिकाएं ही मिली। अधिकांश कमरे खाली मिले। जबकि दाती रोजाना दावा कर रहा था कि उसके गुरुकुल में करीब 700 से अधिक बालिकाएं हैं।

दाती ने जानबूझकर इन बालिकाओं को डर के चलते घर भेज दिया या छुट्टियों के कारण बालिकाएं घर गई, इस बारे में पता किया जा रहा है। इधर, पीडि़ता गुरुकुल में घुसते ही सीबी की टीम से बोली कि 'साहब मेरे साथ इधर आइए, मैं दाती का ठिकाना दिखाती हूं, इस कमरे में दाती का कारनामा। खुद पीडि़ता ने पूरे गुरुकुल की एक-एक जगह के बारे में क्राइम ब्रांच की टीम को बताया। इस दौरान पूरे गुरुकुल की तलाशी ली गई।

पुलिस को संदेह- दाती को था डर, इसलिए बालिकाओं को बाहर निकाला
दिल्ली पुलिस व स्थानीय पुलिस को संदेह है कि गुरुकुल में रहने वाली बालिकाओं को दाती ने ही बाहर निकाला। दाती की अनुमति के बिना इस गुरुकुल में कोई नहीं घुस सकता। पुलिस संदेह जता रही है कि दाती को डर था कि क्राइम ब्रांच की टीम बालिकाओं के बयान लेगी और वे कुछ उसके खिलाफ न बोल दे, इस डर के चलते बालिकाओं को बाहर भेज दिया गया। इस बारे में पुलिस जांच कर रही है।

क्राइम ब्रांच ने बनाया नक्शा, पीडि़ता ने खोले राज
शनिवार दोपहर बाद पौने चार बजे क्राइम ब्रांच की टीम आधा दर्जन गाडि़यों के साथ आलावास आश्रम पहुंची। इनमें तीन गाडि़यां स्थानीय पुलिस की थी। गुरुकुल के अंदर घुसते ही पीडि़ता ने अपने साथ हुए दुर्व्यवहार के बारे में बताया और टीम को साथ लेकर उस कमरे की तस्दीक करवाई। कमरे से कई अहम दस्तावेज जब्त किए गए। क्राइम ब्रांच की टीम ने गुरुकुल का नक्शा बनाया और वीडियोग्राफी की। पीडि़ता ने अपने बयान दोहराए।

Published on:
17 Jun 2018 08:41 am