पाली

पंचायत चुनाव की सुगबुगाहट तेज: गांव-गांव गूंजा सवाल-इस बार सरपंच कौन?, ग्रामीण अंचलों में सियासत गरमाई

Sarpanch election 2026 Rajasthan : पंचायतीराज व्यवस्था के तहत होने वाले पंच-सरपंच चुनाव की आहट अब गांवों में साफ सुनाई देने लगी है। करीब 14 महीनों से लंबित चुनाव को लेकर ग्रामीण अंचलों में सियासी सरगर्मी शुरू हो गई है।

2 min read
Feb 20, 2026
Feature image
AI generated photo

पाली। पंचायतीराज व्यवस्था के तहत होने वाले पंच-सरपंच चुनाव की आहट अब गांवों में साफ सुनाई देने लगी है। करीब 14 महीनों से लंबित चुनाव को लेकर ग्रामीण अंचलों में सियासी सरगर्मी शुरू हो गई है। भले ही अभी ग्राम पंचायतों में सीटों का आधिकारिक आवंटन नहीं हुआ हो, लेकिन गांवों का माहौल बता रहा है कि चुनाव दूर नहीं-बस घोषणा का इंतजार है।

चौपालों पर बैठकी हो या खेतों की मेंढ़, चाय की थड़ी हो या मोबाइल की स्क्रीन- हर जगह एक ही चर्चा गूंज रही है, “इस बार सरपंच कौन?” गांवों की चौपालों में अब खुलकर दावे ठुकने लगे हैं। कोई अपने पिछले काम गिना रहा है तो कोई भविष्य के वादों का खाका खींच रहा है। कई जगह संभावित प्रत्याशी अपने समर्थकों के साथ रणनीति बैठकों में जुटे दिखाई दे रहे हैं।

चौपालों में राजनीति, गलियों में चर्चा

गांवों में अब हर छोटी-बड़ी बैठक चुनावी रंग में रंगी नजर आ रही है। सामाजिक आयोजनों, मेल-मिलाप, धार्मिक कार्यक्रमों और पारिवारिक समारोहों में भी सरपंची की चर्चा आम हो चुकी है। युवा सोशल मीडिया पर सक्रिय होकर पुराने विकास कार्यों की तस्वीरें साझा कर रहे हैं, तो बुजुर्ग चौपालों पर बैठकर पिछले चुनाव के समीकरणों की गणित बिठा रहे हैं।

पांच साल की खामोशी के बाद मुद्दों की वापसी

ग्रामीणों का कहना है कि जो समस्याएं पूरे कार्यकाल में जस की तस बनी रहीं-टूटी सड़कें, अधूरी नालियां, सफाई व्यवस्था, पेयजल संकट और बंद पड़ी रोड लाइटें-वे अब अचानक चुनावी चर्चा के केंद्र में आ गई हैं।

बदला व्यवहार, बढ़ी ‘राम-राम’ की राजनीति

जिन जनप्रतिनिधियों से मिलने के लिए लोगों को पहले पंचायत के कई चक्कर लगाने पड़ते थे, वे अब खुद लोगों के घर पहुंचते दिखाई दे रहे हैं। हर गली में मौजूदगी, हर व्यक्ति को नाम लेकर अभिवादन और समस्याएं सुनने की तत्परता-यह बदलाव ग्रामीणों के लिए चर्चा का विषय बना हुआ है।

माहौल साफ-चुनाव बस आने ही वाले

हालांकि आधिकारिक घोषणा अभी शेष है, लेकिन गांवों की फिजां बता रही है कि चुनावी बयार पूरी तरह बह चुकी है। चौपालों में सरपंचाई के दावे गूंज रहे हैं, समर्थक सक्रिय हो चुके हैं और मतदाता भी मन बना रहे हैं।

किस पंचायत में कितने पद

पंचायत समिति------ ग्राम पंचायत

पाली-------------- 24

मारवाड़-------- 51

रानी--------- 29

रोहट---------- 32

सोजत-------------- 28

सुमेरपुर-------------- 34

बगड़ी-------------- 15

बाली-------------- 62

देसूरी-------------- 28