
महेश व्यास
बाबरा। वर्ष 2008 में विधानसभा में परिसीमन के बाद मतदान केन्द्रों में भले ही इजाफा कर दिया हो, लेकिन जैतारण विधानसभा क्षेत्र के बाबरा पंचायत अधीनस्थ नयागांव के मतदाताओं के मतदान करना आज भी परेशानी का सबब बना हुआ है। नयागांव के करीब 218 मतदाताओं को मतदान करने के लिए आठ किलोमीटर दूर झालामण्ड गांव के राजकीय प्राथमिक विद्यालय में स्थापित बूथ संख्या 253 पर जाकर मतदान करना पड़ेगा।
परिसीमन के बाद से बदले हालात
जैतारण विधानसभा क्षेत्र के बाबरा पंचायत के झालामण्ड गांव के बूथ संख्या 253 के तहत नयागांव के मतदाताओं को वर्ष 2008 में हुए परिसीमन के बाद से यह परेशानी झेलनी पड़ रही है। उस समय से ही मतदाताओं को वर्ष 2008 व 2013 के विधानसभा तथा वर्ष 2009 व 2014 में लोकसभा चुनाव में ग्रामीणों को आठ किलोमीटर दूर झालामण्ड में स्थापित बूथ पर जाकर मतदान करना पड़ा।
छह बूथों से गुजरते हैं ग्रामीण
बाबरा पंचायत के नयागांव के मतदाता सबसे पहले ढाई किलामीटर दूर बाबरा में दो विद्यालयो में स्थापित पांच बूथों व उसके बाद रास्ते में रामगढ़ गांव के विद्यालय में स्थापित एक बूथ सहित छह बूथों से गुजरने के बाद अपने बूथ पर पहुंचते है। जो झालामण्ड गांव में है। ग्रामीणों को नजदीक का बूथ नहीं दिया जा रहा है।
मतदान करने कम पहुंचते मतदाता
नयागांव के मतदाता फौजी नारायणराम गुर्जर, पूर्व पोस्टमैन नारायणलाल गुर्जर, कल्याणराम गुर्जर आदि ने बताया कि गांव के मतदाताओं को आठ किमी दूर झालामण्ड गांव मतदान करने जाना पड़ता है। इस कारण कई बुजुर्ग मतदाता तो मतदान करने के लिए पहुंच नहीं पाते हैं।
इनका कहना...
झालामण्ड बूथ के तहत नयागांव के मतदाता अपने गांव से मतदान के लिए पिछले विधानसभा व लोकसभा के चुनावों में भी इसी गांव में पहुंच कर मतदान कर रहे हैं। -रणजीत कुमावत, बीएलओ
चुनाव आयोग की गाइड लाइन के अनुसार ही मतदान केन्द्र निर्धारित हो रखे हैं। इसमें अब तो बदलाव नहीं हो सकता। -मोहनलाल खटनावलिया, रिटर्निग अधिकारी व एसडीएम जैतारण