पाली

राजस्थान के 31 शहरों में बनने थे 28 लाख नए आवास, लेकिन 11 साल बाद भी सस्ते घर का सपना अधूरा

Mukhyamantri Jan Awas Yojana: राजस्थान के 31 शहरों में रहने वाले एलआइजी (निम्न आय वर्ग) व ईडब्ल्यूएस (आर्थिक रूप से कमजोर) वर्ग के रहवासियों को वर्ष 2015 में खुद के घर का सपना दिखाया गया। जो 11 साल बाद भी पूरा नहीं हो सका है।
2 min read
May 25, 2026
Rajasthan Mukhyamantri Jan Awas Yojana
मुख्यमंत्री जन आवास योजना के तहत जोधपुर रोड पर घुमटी के निकट बने फ्लैट। फोटो: पत्रिका

पाली। राजस्थान के 31 शहरों में रहने वाले एलआइजी (निम्न आय वर्ग) व ईडब्ल्यूएस (आर्थिक रूप से कमजोर) वर्ग के रहवासियों को वर्ष 2015 में खुद के घर का सपना दिखाया गया। जो 11 साल बाद भी पूरा नहीं हो सका है। जो लोग अपने आवास के लिए पूरी राशि जमा करवा चुके हैं, वे भी कई शहरों में आज तक किराए के साथ लोन की किस्तें भरकर दोहरी मार झेल रहे हैं। इनमें एक शहर पाली भी है। जहां आज तक एक भी फ्लैट का आवंटन नहीं हुआ है।

मुख्यमंत्री जन आवास योजना में राजस्थान के 31 शहरों में 28 लाख नए आवास बनाए जाने थे। इसमें 10 साल में 94 हजार आवास बनाया जाना प्रस्तावित था, लेकिन आवास आज तक नहीं बन सके हैं। एलआइजी व ईडब्ल्यूएस श्रेणी में बनाए जा रहे इन फ्लैटों को लेकर जयपुर में कई बार बैठकों का आयोजन हो चुका है। सीएस की अध्यक्षता में करीब दो माह पहले बैठक में भी फ्लैट को लेकर चर्चा की गई थी, लेकिन बैंकों के ऋण की किस्तें और किराया भरने वाले आवेदनकर्ता आज भी इंतजार ही कर रहे हैं।

यह किया जा रहा अब

जिन लोगों ने फ्लैट की पूरी राशि जमा करवाई है। चाहे वे योजना में बने फ्लैट के किसी ब्लॉक में शामिल हों, उनको तैयार फ्लैट रिअलॉट करने की अनुमति सरकार की ओर से अब दी है, लेकिन अधिकांश जगहों पर फ्लैट ही तैयार नहीं होने से ऐसा नहीं हो पा रहा है। उधर, नगर निकायों ने जिन आवेदनकर्ताओं ने राशि जमा नहीं करवाई है। उनका अलॉटमेंट निरस्त करने तथा आंशिक राशि जमा कराने वालों को नोटिस देकर शेष राशि जमा कराने को कहा है।

यह बता रहे मंथर गति का कारण

मुख्यमंत्री जन आवास योजना को लॉच करने पर निर्माण से पहले ही लॉटरी से फ्लैट का आवंटन कर दिया। इसमें तय था कि आवेदनकर्ता के राशि जमा कराने पर उसी राशि से निर्माण कराया जाएगा। फ्लैट बनने से पहले आवंटित करने से फ्लैट के अलग-अलग ए, बी, सी, डी आदि ब्लॉक में कुछ लोगों राशि जमा करवाई तो कइयों ने नहीं। जबकि निर्माण सभी जगह ब्लॉक ए अर्थात एक नम्बर से हुआ। उस ब्लॉक में सभी के पैसे नहीं जमा नहीं होने से आगे चलकर कार्य अटक गया और बी, सी, डी आदि ब्लॉक बनने से रह गए। कार्य की गति मंथर हो गई।

पाली में 1056 फ्लैट

मुख्यमंत्री जन आवास योजना के तहत पाली में जोधपुर रोड पर घुमटी के निकट 1056 लोगों को 30 जून 2019 को फ्लैट देने की योजना तैयार की थी। इसमें आवेदन करने वालों ने बैंकों से लोन लेकर या कर्ज लेकर फ्लैट बुक करवाए। वे आज भी फ्लैट का इंतजार कर रहे है।

पाली में 480 फ्लैट बने

पाली में अब 480 आवास बने है। जो फ्लैट तैयार हो गए है, वे पूरी राशि जमा कराने वालों को देने के लिए सरकार से अनुमति मिल गई है। राशि जमा कराने वाले 81 जनों को तैयार फ्लैट में शिफ्ट कर रहे हैं। वहां कुछ फ्लैट में पानी, बिजली का कार्य चल रहा है। योजना के बाहर सीसी रोड बनाने का टैंडर कर दिया है।
-नवीन भारद्वाज, आयुक्त नगर निगम, पाली

Updated on:
25 May 2026 02:21 pm
Published on:
25 May 2026 02:21 pm