पाली

Rajasthan News: जवाई बांध में पूरा पानी, फिर भी घरों तक नहीं पहुंच रहा पेयजल, जनता परेशान

Rajasthan News: पाली शहर के कई क्षेत्रों में नहीं पहुंच रहा पानी, लोग टैंकरों से पानी मंगवाने को मजबूर

2 min read
Apr 21, 2024

Rajasthan News: पश्चिमी राजस्थान के जवाई बांध में अभी कम से कम पांच माह का पानी है। गर्मी में पर्याप्त जलापूर्ति की जा सकती है, लेकिन शहर में ही घरों तक पानी नहीं पहुंच रहा। लोग टैंकरों से पानी मंगवाने को मजबूर है। उधर, जलदाय विभाग की ओर से शहर के सभी क्षेत्रों में जलापूर्ति का समय तय कर उसकी सूचियां कार्यालयों में चस्पा की गई है। जबकि हकीकत यह है कि किसी भी क्षेत्र में जलापूर्ति समय पर नहीं हो रही। शहर में चौबीस घंटे जलापूर्ति पाइप लाइन बिछाने के बाद से ही लोगों को जल संकट का सामना करना पड़ रहा है। शहर के राजेन्द्र नगर विस्तार में पिछले डेढ़ माह से पानी की समस्या है। क्षेत्र की ब्राह्मणों व राजपुरोहितों की गली सहित कई क्षेत्रों में बूस्टर लगाने के बावजूद पानी नहीं आ रहा। ऐसे में लोगों को रुपए खर्च कर टैंकरों से पानी डलवाना पड़ रहा है। इस बारे में लोगों ने रोष जताते हुए सोशल मीडिया पर चुनाव बहिष्कार की पोस्ट वायरल की। इस पर जलदाय विभाग ने शनिवार को पानी नहीं पहुंचने का पता करने के लिए श्रमिकों को मौके पर भेजा।

अभी तो गर्मी शेष

क्षेत्रवासी जालमसिंह का कहना है कि अभी तो गर्मी की शुरुआत है। जवाई बांध में पानी है। इसके बावजूद जलाूपर्ति नहीं हो रही। सोहनलाल कहते हैं कि लोगों को रुपए खर्च कर टैंकरों से पानी मंगवाना पड़ रहा है। जलदाय विभाग की ओर से कोई सुनवाई नहीं की जा रही है।

सूची बनाने से क्या होता है

शहरवासी उषा का कहना है कि पानी की समय सूची बनने व चस्पा करने से क्या होता है। जलापूर्ति तो मनमर्जी से ही चल रही है। मिनाक्षी कंवर का कहना है कि चौबीस घंटे की पाइप लाइन डालने के बाद से अब तक कभी पानी समय पर नहीं आया है। जलापूर्ति कभी सुबह तो कभी रात में होती है।

लम्बे समय से है समस्या

पानी की समस्या राजेन्द्र नगर विस्तार क्षेत्र में लम्बे समय से है। बूस्टर लगाने के बावजूद घरों तक पानी नहीं पहुंच रहा है। इसकी शिकायत भी कई बार की है।
- अशोक शर्मा, पार्षद

टेल तक नहीं पहुंच रहा पानी

सर्दियों में पानी की समस्या नहीं थी। अब कुछ क्षेत्रों में टेल तक पानी नहीं पहुंच रहा है। राजेन्द्र नगर विस्तार में पानी की समस्या को लेकर सुधार करवा रहे हैं।
शोभा कुमारी, सहायक अभियंता, जलदाय विभाग, पाली

Published on:
21 Apr 2024 03:25 pm
Also Read
View All

अगली खबर