
सांचौर। आदर्श राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय कारोला में मंगलवार को तालुका विधिक सेवा समिति सांचौर की ओर से विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जालोर के सचिव एवं अपर जिला सेशन न्यायाधीश उमेश वीर तथा तालुका विधिक सेवा समिति सांचौर के अध्यक्ष एवं अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट भीमसिंह मीणा के निर्देशानुसार किया गया। शिविर में विद्यार्थियों को नि:शुल्क कानूनी सेवाओं, पोक्सो एक्ट, बच्चों के अधिकार, उत्पीड़न एवं हमलों से सुरक्षा के कानूनी प्रावधानों सहित शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई। अधिकार मित्र रमेशकुमार गर्ग ने बताया कि आर्थिक रूप से कमजोर व्यक्ति, जिनकी वार्षिक आय तीन लाख रुपए से कम है और जो निजी स्तर पर वकील की व्यवस्था नहीं कर सकते, उन्हें जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से नि:शुल्क अधिवक्ता उपलब्ध करवाया जाता है।