पाली जिले के बूसी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र का मामला, पीडि़ता का बांगड़ अस्पताल में उपचार जारी
Pali News : पाली जिले के बूसी गांव के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में उपचार कराने आई एक महिला मरीज से एक चिकित्सक ने अभद्र व्यवहार करते हुए उसके साथ मारपीट की। उसके भाइयों को मारा। पीडि़ता का बांगड़ अस्पताल में उपचार जारी है। सीएमएचओ ने चिकित्सक को एपीओ किया।
महिला रेखा मेघवाल पुत्री मांगीलाल मेघवाल (30) जवाली गांव में रहती है। वह 5 जून को ननिहाल डूठारिया आई। वहां रात में तबीयत खराब होने पर बहन निरमा, भाई हितेश व मौसेरा भाई दीपाराम उसे आयुर्वेद अस्पताल ले गए। वहां नर्सिंग कर्मचारी ने बीपी कम होने पर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बूसी जाने को कहा। वे रात करीब 10:45 बजे सामुदयिक स्वास्थ्य केन्द्र बूसी पहुंचे। वहां नर्सिंग कर्मचारी बींजाराम ने दरवाजा खोलने से ही मना कर दिया। उनके आग्रह पर करीब 15 मिनट बाद दरवाजा खोला और नाम, पता व जाति पूछकर अभद्र व्यवहार किया। वहां से जाने को कहा। इसके बाद उसने एक कागज पर इंजेक्शन लिखकर बाहर से लाने को कहा। चिकित्सक को बुलाने का कहने पर मुश्किल से डॉ. रमेशचंद को बुलाया। वे हाफ पेंट में रात करीब 11:15 पर पहुंचे और अपशब्दों बोलते हुए वीडियो बनाने पर मोबाइल खींचकर फेंक दिया। मरीज महिला का गला पकड़ कर चांटा मारा। इस घटना का वीडियो भी वायरल हुआ है। जिसमे चिकित्सक अपशब्द बोलते सुनाई दे रहे हैं।
महिला ने आरोप लगाया कि चिकित्सक व कार्मिकों ने उनको धक्के देकर केन्द्र से निकाला और गाड़ी की चाबी छीन ली। मारने के लिए उनके पीछे भागे। महिला को इसके बाद बांगड़ अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसका ज्ञापन कांग्रेस के जिलाध्यक्ष अजीज दर्द, ब्लॉक अध्यक्ष जीवराज बोराणा, पूर्व जिलाध्यक्ष चुन्नीलाल चाड़वास, कांग्रेस नेता महावीरसिंह सुकरलाई, पूर्व पार्षद मेहबूब टी, युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष गोरधन देवासी, प्रकाश सांखला, चन्द्रकांत मारू, आमीन अली रंगरेज सहित महिला के परिजनों ने कलक्टर को सौंपा। इसके बाद सीएमएचओ ने चिकित्सक को एपीओ कर मुख्यालय संयुक्त निदेशक कार्यालय जोधपुर किया है।
महिला के साथ अभद्र व्यवहार, अपशब्दों का उपयोग करने पर चिकित्सक को एपीओ किया है। उनकी जगह बूसी में प्रभारी चिकित्साधिकारी का कार्यभार डॉ. रोहिताश बारहठ को दिया है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
-डॉ. विकास मारवाल, सीएमएचओ, पाली