करीब तीन घंटे तक जाम, सड़क निर्माण 7 अक्टूबर तक शुरू कराने का आश्वासन
पाली शहर में गड्ढों में सड़क को लेकर जनता के सब्र बुधवार को टूट गया। नया गांव मार्ग पर शहरवासी नारे लगाते गड्ढों भरी सड़क पर उतरे। वाहनों की कतार लगी तो अधिकारी मौके पर पहुंचे और 7 अक्टूबर तक निर्माण शुरू कराने का आश्वासन दिया। लोगों ने निर्माण शुरू नहीं होने पर मंगलवार को फिर आंदोलन करने की चेतावनी दी।
शहर की खस्ताहाल सड़कों को लेकर शहरवासियों में रोष है। इसके बावजूद अधिकारी एसी कक्षों में बैठकर महज चर्चा ही कर रहे है। शहर के नया गांव की मुख्य रोड वैसे तो नहर पुलिया से फोरलेन तक खस्ताहाल है, लेकिन लोर्डिया फीडर से फोरलेन तक तो बहुत अधिक खराब हो चुकी है। इसे लेकर क्षेत्र व शहरवासी सड़क पर उतरे और जाम लगा दिया। मार्ग पर वाहनों की लम्बी कतार लगी। लोगों ने विरोध जताते हुए टायर जलाए। नगर निगम के एइएन व जइएन सहित पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और समझाइश की। इस पर लोगों ने कहा यदि 7 अक्टूबर तक मार्ग का निर्माण शुरू नहीं हुआ तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा। इसके बाद जाम हटाया गया।
पार्षद विक्रमपाल सिंह ने बताया कि मार्ग पर आठ-दस दिन पहले ऐसी कंकरीट डाली गई, जिसके पत्थर वाहन चलने पर उछलते है। पार्षद तालीब अली चूड़ीगर ने बताया कि मंगलवार रात पत्थर उछलने से कार का शीशा टूट गया था। चंद दिनों पहले पत्थर उछलने से बाल वाहिनी का आगे का शीशा टूट गया है। गनीमत रही कोई बच्चा हताहत नहीं हुआ। दकानों में भी पत्थर के उछलने से नुकसान हो रहा है। यहां कार्य करने वाला ठेकेदार भी ढंग से कार्य नहीं कर रहा है। वैसे यह सड़क करीब 3 साल से ऐसी ही हालत में है।
जाम के दौरान कई वाहन चालक रजत विहार दाधिच भवन के पास से होकर जाने वाले से गुजरने लगे। इस पर वहां भी लोगों ने वाहन खड़े कर रास्ता बंद कर दिया। इसी दौरान वहां दो महिलाएं स्कूटी लेकर वहां पहुंची और लोगाें से उलझ गई। उन्होंने वाहन नीचे गिरा दिए। लोगों ने महिलाओं को रोकने का प्रयास किया, लेकिन वे नहीं मानी। वाहन गिराकर स्कूटी लेकर वहां से चली गई।
शहर में चंद दिनों पहले प्रभारी मंत्री ने आपदा प्रबंधन के तहत राशि भेजने का कहा था। जिससे सड़कों को ठीक करवाया जाना था, लेकिन शहर में आज तक एक भी सड़क ठीक नहीं हुई है। झीकरा तक ढंग से नहीं डाला गया है। हालात यह है कि शहर के मंडिया रोड, जोधपुर रोड, पानी दरवाजा क्षेत्र, रामदेव रोड, हाउसिंग बाेर्ड तालाब की पाळ मार्ग, भालेलाव रोड क्षेत्र सहित सभी सड़कें खस्ताहाल है।