पाली

Rajasthan: डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित किया, अंतिम संस्कार से पहले चलने लगी सांसें, दोबारा लाए तो फिर मृत घोषित

Pali News: राजस्थान के पाली जिले में हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां अंतिम संस्कार से पहले महिला की सांसें चलने लगी। इसके बाद..

less than 1 minute read
Jan 24, 2025

Pali News: राजस्थान के पाली जिले में हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जिले के जाडन गांव में एक विवाहिता चाय बनाते समय अचानक अचेत हो गई। परिजन उसे जाडन अस्पताल ले गए। जहां चिकित्सकों ने महिला को मृत घोषित कर दिया।

इसके बाद परिजन उसे घर ले गए। लेकिन, अंतिम संस्कार से पहले उसकी सांस चलने लगी। इस पर परिजन महिला को दुबारा बांगड़ अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां चिकित्सक ने महिला को दोबारा मृत घोषित कर दिया। जिलेभर में गुरुवार को यह चर्चा का विषय बना रहा।

मृतका के रिश्तेदार दलाराम ने बताया कि जाडन निवासी उसके रिश्तेदार केवलचंद की पत्नी गुड्डी (25) गुरुवार सुबह चाय बनाते समय अचेत हो गई। उसे जाडन अस्पताल ले गए। जहां उसे मृत घोषित कर दिया। घर में मातम छा गया।

अंतिम संस्कार से पहले चलने लगी सांसें

अंतिम संस्कार से पहले दोपहर 12.15 बजे महिलाएं मृतका को स्नान कराने की रस्म कर रही थी। तभी एक महिला ने कहा कि उसकी सांसें चल रही हैं। परिजनों ने देखा तो सांस चल रही थी। वे उसे बांगड़ अस्पताल लेकर पहुंचे।

तीन महीने पहले दिया था बेटी को जन्म

सूचना पर पुलिस भी अस्पताल पहुंची और मामले की जानकारी ली। परिजनों ने बताया कि गुड्डी ने तीन महीने पहले बेटी को जन्म दिया था। उसके एक 5 साल की बेटी और 4 साल का लड़का भी है। मृतका का पति केवलचंद मजदूरी करता है।

Also Read
View All

अगली खबर