पन्ना

पन्ना के भीड़भाड़ वाले इलाके में 50 से ज्यादा यात्रियों से भरी चलती बस में लगी आग, मची चीख पुकार

Bus Fire : अमानगंज में छांग्गे राजा बस अचानक मामूली आग लगने से अंदर धुआं भर गया। बड़े हादसे के अंदेशे के चलते यात्री घबराकर चलती बस से कूदने लगे। हालांकि, चालक की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया पर बसों की फिटनेस पर फिर गंभीर सवाल उटे हैं।
2 min read
Bus Fire
Bus Fire (चलती बस में लगी आग Photo Source- Input)

Panna News :मध्य प्रदेश के पन्ना शहर के भीड़भाड़ वाले अमानगंज में उस समय हड़कंप मच गया, जब रेस्ट हाउस के सामने यात्रियों से भरी छांग्गे राजा बस में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते बस से धुएं का गुबार उठने लगा और यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। जान बचाने के लिए यात्री आनन-फानन में बस से नीचे उतरकर सुरक्षित स्थान की ओर भागने लगे। हालांकि, चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए बस को समय रहते रोक लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। गनीमत रही कि घटना में किसी यात्री के हताहत होने की सूचना नहीं है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस अमानगंज रेस्ट हाउस के सामने से गुजर रही थी। इसी दौरान बस के अंदर से अचानक धुआं उठने लगा। कुछ ही देर में यात्रियों को स्थिति की गंभीरता का अंदाजा हुआ तो बस में अफरा-तफरी मच गई। चालक ने तत्काल बस रोक दी और यात्रियों को नीचे उतारा। बस से धुआं निकलते देख आसपास मौजूद लोग भी मौके पर पहुंच गए। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में बस से घना धुआं उठता दिखाई दे रहा है, जबकि यात्री अपनी जान बचाने के लिए तेजी से बस से उतरते नजर आ रहे हैं।

50 से ज्यादा यात्री थे बस में सवार

Bus Fire (चलती बस में लगी आग Photo Source- Input)

प्रत्यक्षदर्शियों की माने तो बस जब पन्ना से अमानगंज के लिए रवाना हुई तो खचाखच यात्रियों से भरी थी। हादसे के वक्त भी आधा सैकड़ा से ज्यादा यात्री बस में सवार थे। दिन में बड़ी संख्या में महिलाएं बच्चे भी शामिल थे ऐसे में यदि हादसा होता तो बड़ी अनहोनी हो सकती थी।

खस्ताहाल बसों को लेकर उठे सवाल

चलती बस में आग लगने की इस घटना ने जिले में संचालित निजी बसों की स्थिति और उनकी फिटनेस व्यवस्था पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। यात्रियों का आरोप है कि, बस संचालक किराए वसूली में किसी तरह की रियायत नहीं देते, लेकिन यात्रियों की सुरक्षा के लिए जरूरी इंतजामों पर ध्यान नहीं दिया जाता। कई बसें लंबे समय से सड़कों पर दौड़ रही हैं, जिनकी स्थिति देखकर उनकी फिटनेस को लेकर सवाल उठते हैं।

बस यात्रियों की मांग

स्थानीय लोगों का कहना है कि परिवहन विभाग को जिले में संचालित सभी निजी बसों की सघन जांच करानी चाहिए। बसों की तकनीकी स्थिति, अग्निशमन उपकरण, वायरिंग, टायर और अन्य सुरक्षा इंतजामों की जांच के साथ फिटनेस प्रमाणपत्रों की भी पड़ताल की जाए। नियमों का उल्लंघन करने वाली और अनफिट बसों को तत्काल सड़क से हटाने की मांग की गई है।

RTO ने जवाब देना उचित नहीं समझा

घटना के संबंध में जिला परिवहन अधिकारी सुनील शुक्ला का पक्ष जानने के लिए पत्रिका द्वारा संपर्क किया गया, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। बस में आग लगने के कारण और बस की फिटनेस संबंधी जानकारी के लिए उन्हें मैसेज भेजा गया। लेकिन, मैसेज सीन करने के बाद भी उन्होंने उसपर कोई जवाब देना उचित नहीं समझा।

Updated on:
12 Aug 2026 07:02 am
Published on:
12 Aug 2026 07:02 am