MP News: मध्यप्रदेश के पन्ना में ठंड से बचाव के लिए आग लगाना भारी पड़ गया।
MP News: मध्यप्रदेश के पन्ना जिले से दर्दनाक हादसा सामने आया है। जहां गुनौर थाना क्षेत्र के अंतर्गत समीपवर्ती गांव पड़ेरी में ठंड से बचाव के लिए जलाई गई आग ने एक वृद्ध महिला की जान ले ली। खेत में बने कच्चे मकान में रहने वाली 75 वर्षीय श्यामबाई की आग की चपेट में आकर जिंदा जलने से मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके पति गोरेलाल प्रजापति गंभीर रूप से झुलस गए।
जानकारी के अनुसार, वृद्ध दंपती रात को कच्चे घर में सो रहे थे। कड़ाके की ठंड से कड़ाके की ठंड से बचाव के लिए उन्होंने कमरे के अंदर आग जलाई थी। देर रात नींद के दौरान अचानक आग भड़क उठी और देखते ही देखते उसने पूरे कमरे को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि श्यामबाई बाहर निकलने का मौका तक नहीं पा सकीं। वहीं, पति गोरेलाल तो किसी तरह आग से निकलकर बाहर आए, लेकिन तब तक वह भी गंभीर रूप से झुलस चुके थे।
आगे लगते ही पूरे गांव में अफरा-तफरा मच गई। आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और आग बुझाने का प्रयास करने लगे, लेकिन कच्चा मकान होने के कारण आग तेजी से फैल गई। सूचना मिलने के बावजूद दमकल की गाड़ी समय पर नहीं पहुंची। जिससे आग पर काबू में देर हो गई और आग पूरी मकान में फैल गई।
घटना की सूचना पर गुनौर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी माधवी अग्निहोत्री ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आग ठंड से बचाव के लिए जलाई गई आग से फैलने की आशंका है। फिलहाल मर्ग कायम कर मामले की जांच की जा रही है और सभी पहलुओं पर बारीकी से पड़ताल की जा रही है।
इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने, साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में अग्निशमन व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।