MP News: मध्य प्रदेश के पन्ना जिले में शादी के नाम पर ठगी और लूट का मामला सामने आया है।
MP News: मध्य प्रदेश के पन्ना जिले में शादी के नाम पर ठगी और लूट का सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां लुटेरी दुल्हन गैंग के 9 सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से स्कॉर्पियो कार, बाइक, 10 मोबाइल फोन, टैबलेट और सौंदर्य प्रसाधन सामग्री सहित करीब 18 लाख रुपये से अधिक का समान जब्त किया है।
एसपी निवेदिता नायडू के अनुसार, फरियादी बसंत लाल त्रिपाठी पिता रामदुलारे त्रिपाठी निवासी नयागांव धरमपुर ने थाना बृजपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि लगभग 15 दिन पहले एक परिचित के माध्यम से उनकी शादी के लिए ग्राम उडकी सिंहपुर निवासी लल्लू चौधरी से संपर्क हुआ था। योजना के अनुसार 23 फरवरी.2026 को फरियादी अपने साथियों के साथ बुलेरो वाहन से पहाड़ीखेड़ा लड़की देखने पहुंचे। मिश्रा ढाबा के पास लल्लू चौधरी दो लड़कियों और एक महिला के साथ मिला। शादी के नाम पर पैसों की मांग की गई।
जब फरियादी के साथियों ने रुपये देने से इनकार किया तो उन्हें डरा-धमकाकर भगा दिया गया। शाम लगभग 7:30 बजे सफेद रंग की स्कॉर्पियो (एमपी17सीबी1759) से आए बदमाशों ने फरियादी को जबरन वाहन में बैठाया और खनगढ़ की ओर सुनसान रास्ते में ले जाकर झूठे केस में फंसाने व जान से मारने की धमकी दी। आरोपियों ने फरियादी का लेनोवो टैबलेट, नगद 20 हजार रुपये छीने तथा यूपीआई पासवर्ड लेकर बैंक खाते से 80 हजार रुपये ट्रांसफर कर लिए। बाद में उन्हें सुनसान स्थान पर उतारकर फरार हो गए। प्रकरण में थाना बृजपुर में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
26 फरवरी को मुखबिर की जानकारी पुलिस ने पहाड़ीखेड़ा बस स्टैंड घेराबंदी कर आरोपियों को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपने साथियों दिव्या उर्फ नैना, अन्नू और लल्लू चौधरी के साथ मिलकर सुनियोजित तरीके से शादी का झांसा देकर ठगी और वसूली करना स्वीकार किया।