पटना

बिहार विधानसभा चुनाव: देर रात पटना पहुंचे अमित शाह, इन दो जोन के कार्यकर्ताओं के साथ आज करेंगे चुनावी मंथन

बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर बुधवार की देर रात केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बिहार के एक दिन के दौरे पर पटना पहुंचे। गुरुवार की सुबह वे रोहतास जिले के डेहरी और बेगूसराय में 20 जिलों के भाजपा नेताओं के साथ बैठक करेंगे।
2 min read
Sep 18, 2025
Feature image
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (Photo-IANS)

बिहार विधानसभा चुनाव की तैयारियों का जायजा लेने भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के वरिष्ठ नेता एवं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बुधवार की रात पटना पहुंचे। पटना एयरपोर्ट से वे सीधे एक प्राइवेट होटल में पहुंचे। पटना एयरपोर्ट पर उनका बिहार भाजपा के नेताओं ने स्वागत किया। अमित शाह पटना में रात्रि विश्राम के बाद गुरुवार की सुबह रोहतास जिले के डेहरी और फिर दोपहर में बेगूसराय जाएंगे। अमित शाह इन दोनों जगहों पर 20 जिलों के भाजपा पदाधिकारियों, सांसद, विधायकों और कार्यकर्ताओं के साथ एक बैठक कर चुनाव की तैयारी की समीक्षा करेंगे। अमित शाह इस बैठक में आगामी चुनाव को लेकर पार्टी नेताओं को जीत का टिप्स भी देंगे।

रोहतास में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ करेंगे बैठक

अमित शाह गुरुवार की सुबह 10 बजे रोहतास के डेहरी जाने का कार्यक्रम है। डेहरी में अमित शाह मगध और शाहाबाद क्षेत्र के सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ चुनाव को लेकर समीक्षा बैठक करेंगे। सूत्रों का कहना है कि डेहरी के जक्खी बिगहा स्थित ईं. ललन सिंह स्पोर्ट्स क्लब में अमित शाह की बैठक है।

मगध और शाहाबाद में एनडीए को चुनौती

2020 के विधानसभा चुनाव में मगध और शाहाबाद में एनडीए का सूपड़ साफ हो गया था। लोकसभा के 2024 के चुनाव में भी एनडीए को महागठबंधन से इस क्षेत्र में करारी हार का सामना करना पड़ा था। अमित शाह 2025 के विधानसभा में अपने वोटरों को गोलबंद करने की तैयारी में लगे हैं। यही कारण है कि अमित शाह ने स्वंय यहां पर समीक्षा करने पहुंचे हैं।

बेगूसराय में कार्यकर्ताओं के साथ करेंगे बैठक

अमित शाह का डेहरी के बाद दोपहर करीब 2 बजे बेगूसराय पहुंचने का कार्यक्रम है। यहां बरौनी रिफाइनरी टाउनशिप स्टेडियम में वे पटना, बेगूसराय, नालंदा, खगड़िया, जमुई, लखीसराय, मुंगेर और शेखपुरा जिले के लगभग ढाई हजार बीजेपी नेता, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता के साथ बैठक करेंगे। इसके बाद गुरुवार की शाम में अमित शाह का दिल्ली लौटने का भी कार्यक्रम है।

पांच जोन में बिहार को बांटा

बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर बीजेपी ने बिहार को 5 जोन में बांट दिया है। इसके बाद पार्टी चुनाव की तैयारी शुरू कर दी है। अमित शाह इन सभी जोन के नेताओं और कार्यकर्ताओं से बात कर उनके हिसाब से रणनीति बनायेंगे। 18 सितंबर को अमित शाह डेहरी और बेगूसराय में दो जोन के भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे। 27 सितंबर को फिर उनके बिहार आने का कार्यक्रम है। हालांकि, अगली बैठकों की जगह अभी फाइनल नहीं हुई है।

Published on:
18 Sept 2025 12:36 am