पटना

Bihar Election 2025: वोटिंग के बीच PM मोदी ने बिहार के लोगों को दिया संदेश, युवाओं से की खास अपील

Bihar Election 2025: दूसरे चरण के मतदान के बीच पीएम नरेंद्र मोदी ने बिहार के लोगों से निवेदन किया है। उन्होंने कहा कि सभी मतदान प्रक्रिया में बढ़ चढ़ कर हिस्सा। उन्होंने युवाओं से खास अपील की है। 
2 min read
Nov 11, 2025
Bihar Election 2025: pm modi
पीएम नरेंद्र मोदी (photo-X)

Bihar Election 2025:बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दूसरे और अंतिम चरण में मंगलवार को मतदान हो रहा है। राज्य के 20 ज़िलों की 122 विधानसभा सीटों पर वोट देने के लिए सुबह से मतदाताओं की लंबी लाइन लग चुकी है। पहले चरण में 65.08% की रिकॉर्ड वोटिंग के बाद अब दूसरे चरण में भी उत्साह साफ दिखाई दे रहा है। दूसरे चरण में भी अच्छी वोटिंग की संभावना जताई जा रही है। मतदान के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार की जनता, खासकर युवा मतदाताओं से एक महत्वपूर्ण अपील की है।

PM मोदी ने मतदाताओं से की भागीदारी की अपील

चुनाव के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया के माध्यम से बिहार के मतदाताओं को संदेश दिया। उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट कर लिखा, "बिहार विधानसभा चुनावों में आज दूसरे और अंतिम चरण की वोटिंग है। सभी मतदाताओं से मेरा निवेदन है कि वे इसमें बढ़-चढ़कर भागीदार बनें और मतदान का नया रिकॉर्ड बनाएं। पहली बार वोट देने जा रहे राज्य के अपने नौजवान साथियों से मेरा विशेष आग्रह है कि वे खुद तो मतदान करें ही, दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें।"

1302 प्रत्याशियों की किस्मत का होगा फैसला

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दूसरे चरण में 122 सीटों पर 1302 प्रत्याशी मैदान में हैं और कुल 3,70,13,556 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 1,95,44,041 पुरुष, 1,74,68,572 महिलाएं और 5,28,954 युवा वोटर पहली बार मतदान कर रहे हैं। मतदान के लिए 45,399 केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें से 40,073 ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित हैं। दिल्ली में हुए हालिया धमाके के कारण सुरक्षा को राज्यभर में कड़ा किया गया है, सीमावर्ती इलाकों पर विशेष चौकसी बरती जा रही है। बिहार पुलिस भी पूरी तरह से अलर्ट मोड में है।

कई बड़े चेहरों का भविष्य दांव पर

इस चरण को राजनीतिक रूप से बेहद अहम माना जा रहा है, क्योंकि इसमें कई बड़े नेताओं का भविष्य दांव पर है। पूर्व उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद, रेणु देवी, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के 10 मंत्री और तीन प्रमुख दलों के प्रदेश अध्यक्ष मुकाबले में हैं। इस चरण के नतीजे राज्य के आगे के सत्ता समीकरणों पर बड़ा असर डाल सकते हैं। मतगणना 14 नवंबर को होगी और चुनाव आयोग ने निष्पक्ष, सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण मतदान के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं.

Updated on:
11 Nov 2025 09:18 am
Published on:
11 Nov 2025 09:18 am
Also Read
View All