
गर्दानीबाग धरना स्थल पर रोशन आनंद (फोटो- ANI)
Roshan Anand at Patna Student Protest: बिहार में BPSC TRE-4 शिक्षक भर्ती परीक्षा से जुड़े विभिन्न मुद्दों के समाधान और पारदर्शिता की मांग को लेकर पटना के गर्दनीबाग में उम्मीदवारों का भारी विरोध प्रदर्शन चल रहा है। इसी बीच, शनिवार को 'ज्ञान बिंदु जीएस एकेडमी' के निदेशक और जाने माने शिक्षक रोशन आनंद प्रदर्शनकारी उम्मीदवारों का समर्थन करने पहुंचे। प्रदर्शन स्थल पर उन्होंने कहा कि वे परीक्षा आयोगों की कथित गड़बड़ियों को उजागर करेंगे और सभी छात्र नेताओं से आग्रह किया कि वे अपने मतभेदों को भुलाकर आंदोलन की सफलता सुनिश्चित करने के लिए एक मंच पर आएं।
गर्दनीबाग में विरोध प्रदर्शन कर रहे उम्मीदवारों का हौसला बढ़ाते हुए रोशन आनंद ने कहा कि वे पूरी तैयारी और सबूतों के साथ छात्रों की आवाज उठाने आए हैं। उन्होंने मंच से घोषणा की कि वे आयोग की गलतियों को उजागर करेंगे। उन्होंने कहा, "देखिए, मैं आपके बीच ठोस सबूतों के साथ आया हूं। जो भी गड़बड़ियां और धांधलियां हुई हैं, उनका सच सबके सामने लाया जाएगा।"
मंच से बोलते हुए रौशन आनंद ने छात्र नेता दिलीप कुमार, अमन कुमार, जानकी झा, मुकेश झा और प्रशांत समेत सभी आंदोलनकारी छात्र नेताओं से एक मंच पर एकजुट होने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आंदोलन की सफलता के लिए एकजुटता सबसे महत्वपूर्ण शर्त है।
इतिहास का हवाला देते हुए उन्होंने बताया कि 1857 का विद्रोह इसलिए विफल रहा क्योंकि विद्रोही सैनिकों में एकता की कमी थी। उन्होंने कहा कि अगर छात्र नेता दिलीप कुमार और अमन कुमार चाहते हैं कि छात्रों की मांगें पूरी हों, तो उन्हें एक मंच पर आना होगा। छात्र नेताओं से अपील करते हुए रोशन आनंद ने कहा, "हम आपके सामने हाथ जोड़ते हैं, हम आपके पैर छूने को भी तैयार हैं, लेकिन कृपया एकजुट हो जाइए। जब तक आप एकजुट नहीं होंगे, तब तक कोई सकारात्मक बदलाव नहीं आ सकता।"
रोशन आनंद ने कहा कि छात्र और शिक्षक दोनों ही अभी इस उलझन में हैं कि आगे क्या किया जाए। ऐसे में आंदोलन को सही दिशा देने का एकमात्र तरीका एकजुटता ही है। उन्होंने वहां मौजूद छात्रों से शांति बनाए रखने और बैरिकेड्स के दायरे में रहकर अनुशासित ढंग से विरोध-प्रदर्शन करने की अपील की।
रोशन आनंद ने कहा कि आज इस भीड़ की आवाज सरकार तक जरूर पहुंचनी चाहिए। सरकार तक संदेश तभी पहुंचेगा जब सब मिलकर एक साथ आवाज उठायेंगे। यह सरकार बहरी हो चुकी है और उसे अपनी बात सुनाने के लिए एकजुट होकर आवाज उठाना बहुत जरूरी है।
Updated on:
22 Aug 2026 05:12 pm
Published on:
22 Aug 2026 05:11 pm
